टीकाकरण का मॉडल प्रखण्ड बनाने को लेकर हुई बैठक
दरभंगा, समाहरणालय अवस्थित अम्बेदकर सभागार में जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों तथा सिंहवाड़ा प्रखण्ड के पदाधिकारियों के साथ टीकाकरण का मॉडल प्रखण्ड बनाने को लेकर बैठक आयोजित की गयी।
बैठक को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि

लोगों में जागरूकता लाने को जिले के एक प्रखण्ड को टीकाकरण का मॉडल प्रखण्ड बनाया जाए और इसके लिए सिंहवाड़ा प्रखण्ड को चयन किया गया है। उन्होंने प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, सिंहवाड़ा को इसकी कार्य-योजना बनाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा की अगले 10 दिनों में सिंहवाड़ा के 25 हजार लोगों का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा जाए तथा सिंहवाड़ा को टीकाकरण का एक मॉडल ब्लॉक बनाया जाए। इसके लिए टीकाकरण स्थलों एवं कर्मियों की संख्या में वृद्धि की जाए।
उन्होंने सिविल सर्जन को सिहवाड़ा में 04 से 05 अतिरिक्त टीकाकरण केन्द्र बनाने एवं टीकाकरण एक्सप्रेस वाहनों की संख्या भी सिहवाड़ा में बढ़ाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए पंचायत सचिव, जीविका दीदी, शिक्षक, ग्रामीण आवास सहायक सहित सभी कर्मियों को लगाया जाए। साथ ही इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जाए। कुछ पंचायतों का चयन कर वहाँ शत्-प्रतिशत् टीकाकरण कराया जाए।
बैठक उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया, अपर समाहर्त्ता (राजस्व) विभूति रंजन चौधरी, सिविल सर्जन डॉ. संजीव कुमार सिन्हा, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अमरेन्द्र कुमार मिश्र, उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, डी.पी.एम. (हेल्थ) विशाल कुमार एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। वहीं प्रखण्ड विकास पदाधिकारी/अंचलाधिकारी, सिंहवाड़ा ऑनलाईन जुड़े हुए थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal