Breaking News

बाढ़ की तैयारी को लेकर डीएम ने की बैठक  

बाढ़ की तैयारी को लेकर डीएम ने की बैठक

दरभंगा, समाहरणालय अवस्थित अम्बेडकर सभागार में बाढ़ की पूर्व तैयारी को लेकर सभी संबंधित अभियांत्रिकी विभाग के कार्यपालक अभियंताओं, पदाधिकारियों एवं अंचलाधिकारियों के साथ बैठक की गयी।
सर्वप्रथम बैठक में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की गयी। जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम ने सभी अंचलाधिकारियों से उनके अंचल में अवस्थित तटबंध की स्थिति की जानकारी ली।
अंचलाधिकारी, बहेड़ी ने बताया कि अतहर पंचायत के पास छोटी दाई गाँव की सुरक्षा के लिए बचाव कार्य करना आवश्यक है।
जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रमंडल, हथौड़ी के कार्यपालक अभियंता को बचाव कार्य कराने के निर्देश दिए। अंचलाधिकारी, सिंहवाड़ा ने बताया कि बागमती नदी की मुख्यधारा में सोना पुल के पास काम करना आवश्यक है। जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, जल निस्सरण विभाग को कार्य कराने के निर्देश दिए।
अंचलाधिकारी, गौड़ाबौराम ने बताया कि कमला नदी के बाएं तटबंध में शहरबनी के पास बने रास्ते में कटाव हो रहा है। जिलाधिकारी ने बाढ़ नियंत्रण प्रमण्डल, झंझारपुर को शहरबनी के समीप हो रहे कटाव में निरोधात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, हथौड़ी को कहा कि जिन तीन स्थानों पर पुल के समीप काम करना था, वहाँ आज शाम तक काम करवाना सुनिश्चित कर लें।
अंचलाधिकारी, केवटी ने बताया कि कर्जापट्टी के समीप जहाँ कटाव निरोधी कार्य चल रहा है, वहाँ और मिट्टी के बैग की जरूरत है। अंचलाधिकारी,केवटी एवं कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमण्डल, दरभंगा को संयुक्त रूप से स्पॉट का अवलोकन कर आवश्यकतानुसार निरोधात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए।
अंचलाधिकारी, बहादुरपुर ने बताया कि भरवारा के भुतहा धारा में कार्य कराने की आवश्यकता है। अंचलाधिकारी, बिरौल ने जीवछ नदी में माधोदुर बोआरी के समीप कार्य कराने की आवश्यकता बतायी।
अंचलाधिकारी, घनश्यामपुर ने बताया कि कुमरौल के समीप बचाव कार्य की आवश्यकता है।
जिलाधिकारी ने 30 जून तक सभी तटबंधों में चिन्हित स्थलों पर कटाव निरोधी कार्य संपन्न करा लेने का निर्देश सभी संबंधित अभियंताओं को दिया।
जिले में नाव की उपलब्धता की समीक्षा क्रम में बताया गया कि जिले में 587 निजी नाव चिन्हित किए गए थे, 205 नाव और चिन्हित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी नावों का पंजीकरण करा लेने तथा एम.भी.आई से फिटनेस प्रमाण पत्र प्राप्त कर लेने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि मोटरयान निरीक्षक अच्छी तरह से नाव की जाँच कर प्रमाण पत्र देंगे। यदि कहीं नाव के कारण दुर्घटना हुई तो, एम.वी.आई (MVI) को जिम्मेवार माना जाएगा।
उन्होंने सभी अंचलाधिकारी को अपने अंचल के नाविकों के साथ सोमवार तक बैठक कर लेने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि प्रायः नाव पर ओवरलोडिंग की शिकायत मिलती है, इस पर नजर रखने के लिए नाव परिचालन के प्रारंभिक बिन्दु पर चौकीदार या होमगार्ड की प्रतिनियुक्ति की जाए। विगत वर्ष हनुमाननगर एवं बहादुरपुर अंचल में नाव दुर्घटना घट चुकी है।
बैठक में बताया गया कि जिले में 45 चिन्हित घाट है तथा 245 अचिन्हित घाट है, जो बाढ़ के दौरान कार्यरत रहते हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि छोटी नाव के लिए 300 रुपये प्रतिदिन की दर आयुक्त महोदय द्वारा निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त नाविक का भुगतान कुशल मजदूर के लिए श्रम संसाधन विभाग द्वारा निर्धारित पारिश्रमिक के अनुसार भुगतान किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सम्पूर्ति पोर्टल पर डाटा प्रविष्टि की भी समीक्षा की जिसमें बहादुरपुर, बेनीपुर और सदर अंचल की स्थिति असंतोषजनक पाई गई। जिलाधिकारी ने कहा कि इस कार्य को सभी अंचल यथाशीघ्र संपन्न करा लें।
उन्होंने प्रभारी कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण संगठन, दरभंगा को रोस्टर बनाकर 03 दिन दरभंगा में रहने का निर्देश दिया और कहा कि बाढ़ के दौरान चापाकल में ब्लीचिंग पाउडर डालकर पानी शुद्धीकरण कराना होता है। साथ ही कहीं-कहीं चापाकल को ऊँचा करना होता है। इसके लिए अलग-अलग अंचल के लिए अलग-अलग एजेंसी रख लिया जाए।
उन्होंने कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग को दी गयी खराब सड़कों की सूची के सभी सड़कों को दुरुस्त करवा लेने का निर्देश दिया।
उन्होंने जिला पशुपालन पदाधिकारी,दरभंगा को पशु चारा आपूर्ति एजेंसी का भंडार सत्यापित कर लेने के निर्देश दिया।
सिविल सर्जन,दरभंगा को सर्पदंश एवं कुत्ता काटने की दवा की उपलब्धता सभी अंचलों में सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए।
जिला प्रबंधक (राज्य खाद्य निगम) को निर्देश दिया गया की सभी जगह अनाज पहुंच जाना चाहिए, ताकि बाढ़ के दौरान अनाज वितरण में किसी तरह का विलंब ना हो सके।
उन्होंने अनाज वितरण के लिए नाव की व्यवस्था भी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस बार अनाज वितरण की जाँच भी कराई जाएगी।
तीनों अनुमण्डल पदाधिकारी इसे सुनिश्चित कराएंगे की बाढ़ के समय अनाज का वितरण होते रहे।
बैठक में उप विकास आयुक्त तनय सुल्तानिया, सहायक समाहर्त्ता अभिषेक पलासिया, अपर समाहर्त्ता विभूति रंजन चौधरी, अपर समाहर्त्ता (विभागीय जाँच) अखिलेश प्रसाद, उप निदेशक जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, अनुमण्डल पदाधिकारी, सदर राकेश कुमार गुप्ता, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, सदर मो. सादुल हसन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अजय कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी रवि कुमार, कार्यपालक अभियंता, बाढ नियंत्रण दरभंगा, कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण झंझारपुर, कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग दरभंगा, कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमण्डल, दरभंगा, कार्यपालक अभियंता बाढ़ नियंत्रण प्रमण्डल, झंझारपुर, कार्यपालक अभियंता जल निस्सरण दरभंगा एवं संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Check Also

दरभंगा   जिलाधिकारी  कौशल कुमार की अध्यक्षता में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण संगठन विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक हुई।

🔊 Listen to this • लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण संगठन विभाग के कार्यों की समीक्षा…   …