मारवाड़ी महाविद्यालय, दरभंगा में एनएसएस के सहयोग से रेड रिबन क्लब की साझेदारी से हुआ ‘सेहत केन्द्र’ का उद्घाटन
प्रधानाचार्य डा फूलो की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि डा चौरसिया तथा उद्घाटक डा विनोद ने रखे महत्वपूर्ण विचार
राष्ट्र के भविष्य युवाओं के साथ समाज के आमलोगों की स्वास्थ्य रक्षा हेतु कार्य करेगा सेहत केन्द्र- डा फूलो
पुरुषार्थ चतुष्टय तथा मानवीय जीवन का आधारस्तंभ स्वास्थ्य ही हमारा सर्वोत्तम धन- डा चौरसिया
अत्यंत ही लोकोपयोगी सेहत केन्द्र का सिर्फ मारवाड़ी महाविद्यालय में उद्घाटित होना ऐतिहासिक क्षण- डा कन्हैया

प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं के माध्यम से समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना सेहत केन्द्र का मुख्य कार्य- डा विनोद
मारवाड़ी महाविद्यालय में स्थापित सेहत केन्द्र को पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया का मिलेगा भरपूर सहयोग- ऋतु सिंह
मारवाड़ी महाविद्यालय में स्थापित सेहत केंद्र से छात्र-छात्राओं शिक्षक-कर्मचारियों के अलावे समाज के सभी गरीब, अशिक्षित व जरूरतमंद व्यक्ति भी लाभान्वित होंगे। हमारा केंद्र मुख्य रूप से राष्ट्र के भविष्य छात्र-छात्राओं के माध्यम से समाज की स्वास्थ्य रक्षा हेतु कार्य करेगा। उक्त बातें मारवाड़ी महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डा फूलो पासवान ने महाविद्यालय में एनएसएस के सहयोग से रेड रिबन क्लब की साझेदारी से सेहत केन्द्र के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता करते हुए कही। प्रधानाचार्य ने कहा कि जागरूकता की कमी के कारण ही आज वैश्विक महामारी कोरोना से लाखों लोग दिवंगत हो गए।हमें अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना चाहिए।अन्यथा पश्चिमी देशों की तरह हमें भी अगले कुछ वर्षों में ऑक्सीजन का सिलेंडर पीठ पर रखकर चलना पड़ेगा। वर्तमान समय में हमें प्रकृति को ही ईश्वर मानकर,उसे संतुलित करने हेतु तीव्र गति से काम करना होगा। तभी हम स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन व्यतीत कर सकेंगे।
मुख्य अतिथि के रूप में मिथिला विश्वविद्यालय के पूर्व एनएसएस समन्वयक डा आर एन चौरसिया ने कहा कि उत्तम स्वास्थ्य ही धर्म, अर्थ,काम और मोक्ष नामक चारों पुरुषार्थों का आधार है जो हमारा सर्वोत्तम धन है। इसे हम उच्च मूल्य पर भी नहीं खरीद सकते हैं। स्वास्थ व्यक्ति के लिए यह धरती स्वर्ग है,पर अस्वास्थ के लिए नर्क। उन्होंने मारवाड़ी महाविद्यालय में स्थापित हो रहे सेहत केन्द्र के लिए प्रधानाचार्य, एनएसएस पदाधिकारी, शिक्षक-कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि आज स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही के कारण ही हम डायबिटीज,उच्च रक्तचाप, मोटापा, हृदयरोग तथा कोलेस्ट्रॉल वृद्धि आदि जैसे 80% मानव जनित पाचन,श्वषण आदि से संबद्ध शारीरिक व मानसिक रोगों का तीव्र गति से शिकार हो रहे हैं। स्वास्थ्य जीवन के लिए हमें प्राकृतिक जीवन, संयमित दिनचर्या, योग-प्राणायाम, खेलकूद व व्यायाम, स्वास्थ्य जांच, शारीरिक श्रम,जागरूकता तथा संतुलित एवं पौष्टिक भोजन ग्रहण करने की आवश्यकता है।
विश्वविद्यालय के एनएसएस समन्वयक डा विनोद बैठा ने समारोह का उद्घाटन करते हुए कहा कि आज बिहार के 28 महाविद्यालयों में सेहत केंद्र का उद्घाटन हो रहा है,जिनमें मिथिला विश्वविद्यालय में एकमात्र मारवाड़ी महाविद्यालय में ही यह सेहत केंद्र खोला जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं द्वारा समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा।सेहत केंद्र के तहत रक्तदान शिविर का आयोजन व एड्स संबंधी जानकारी के साथ ही निमोनिया, एनीमिया आदि की जानकारी अन्य महाविद्यालयों के साथ ही समाज को उपलब्ध कराई जाएगी।
सम्मानित अतिथि के रूप में अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डा हेमपति झा ने कहा कि वर्तमान कोरोना काल में सेहत केंद्र की स्थापना अत्यंत महत्वपूर्ण है,क्योंकि वर्तमान में स्वास्थ्य की काफी समस्या उत्पन्न हो रही है। जागरूकता के माध्यम से ही हम कोरोना सहित अन्य बीमारियों पर रोकथाम लगा सकते हैं।
विशिष्ट अतिथि के रूप में पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के दरभंगा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ऋतु सिंह ने कहा कि मारवाड़ी महाविद्यालय में स्थापित सेहत केंद्र को हमारे फाउंडेशन का भरपूर सहयोग प्राप्त होगा। स्वास्थ हमारा अनमोल धन है, जिसके महत्व को हमें समझना ही होगा। राष्ट्र स्तरीय हमारा फाउंडेशन दरभंगा के 7 प्रखंडों में सक्रिय है जो परिवार स्वास्थ्य एवं जनसंख्या नियंत्रण के कार्यक्रमों में सरकार का सहयोग करता है।
आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए मुटा के महासचिव कन्हैया जी झा ने कहा कि अत्यंत ही लोकोपयोगी सेहत केंद्र का विश्वविद्यालय के सिर्फ मारवाड़ी महाविद्यालय में उद्घाटित होना हमारे लिए ऐतिहासिक क्षण है। यदि छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागृति उत्पन्न हो जाय तो वे एडस, कैंसर,कोरोना व सुरक्षित प्रजनन आदि के प्रति समाज को भी जागरूक कर सकते हैं। बिहार के सभी 38 सेहत केंद्र का ऑनलाइन शुभारंभ आईएएस मनोज कुमार ने पटना से किया,जबकि अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर महाविद्यालय के सेहत केंद्र का उद्घाटन किया गया, जिसमें संस्कृत के प्राध्यापक डा विकास सिंह ने वैदिक मंगलाचरण किया। वहीं स्वागत गान स्वयंसेविका काजल कुमारी ने प्रस्तुत किया। आगत अतिथियों का स्वागत पाग,चादर तथा पुष्पमाला आदि से किया गया।
एनएसएस पदाधिकारी अवधेश प्रसाद यादव के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में कोविड-19 के प्रोटोकाल का पालन किया गया। कार्यक्रम में संस्कृत विभागाध्यक्ष डा विकास सिंह, परीक्षा नियंत्रक डा अमरेंद्र कुमार झा,डा अनिल बिहारी वर्मा, आमोद नारायण सिंह, राम नारायण प्रधान सहायक विनय लेखापाल आनंद,वरीय स्वयंसेवक मुकेश कुमार झा, शिल्पी कुमारी,अभिब्रत बिहारी वर्मा, रामपुकार रावत व सौरभ सुमन आदि उपस्थित थे। धन्यवाद ज्ञापन मैथिली विभागाध्यक्ष सह शिक्षक संघ के सचिव डा अरविंद झा ने किया।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal