अंतरराष्ट्रीय संस्था “हिन्दी साहित्य भारती” की बिहार प्रांत इकाई तथा दरभंगा जिला इकाई के संयुक्त तत्वावधान में

मिथिला विश्वविद्यालय के नवनिर्मित दूरस्थ शिक्षा निदेशालय के सभागार में कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए प्रेसवार्ता का आयोजन कर संस्था के उद्देश्यों, विविध आयामों, कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक स्वरूपों आदि की विस्तार से जानकारी दी गई। प्रेसवार्ता में संस्था के प्रदेश अध्यक्ष डा दिनेश प्रसाद साह, प्रांतीय महामंत्री अजीत कुमार सिंह, प्रांतीय संगठन मंत्री डा सतीश चंद्र भगत, मार्गदर्शक मंडल के सदस्य प्रो प्रभाकर पाठक, दरभंगा- जिलाध्यक्ष डा आर एन चौरसिया, प्रांतीय मीडिया प्रभारी डा संतोष कुमार, कार्यालय सचिव अमिताभ कुमार सिन्हा, हरि सहनी, प्रान्तीय कार्यकारिणी सदस्य डा प्रतिभा स्मृति व डा रितु प्रज्ञा, अभिषेक कुमार सहित संस्था के अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
संस्था के बिहार इकाई के अध्यक्ष डा दिनेश प्रसाद ने बताया कि हिंदी साहित्य भारती का स्वरूप अंतरराष्ट्रीय है जो भारत के गौरवशाली साहित्य एवं सांस्कृतिक चेतना को विश्व पटल पर प्रतिष्ठा दिलाने, हिंदी को राष्ट्रभाषा का संवैधानिक दर्जा दिलाने तथा साहित्यिक प्रदूषण को दूर कर तकनीकी शब्दावली में संशोधन का कार्य करना है। यह भारत की सभी क्षेत्रीय भाषाओं को शामिल करते हुए हिंदी को विश्व के मानचित्र पर स्थापित करने तथा भारत के आदर्श मानवीय मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही बौद्धिक वातावरण को सकारात्मक दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से सदा कृत संकल्पित एवं सक्रिय है।
प्रांतीय महामंत्री डा अजीत कुमार सिंह ने कहा कि संस्था भारत के 27 प्रदेशों सहित 35 देशों में सक्रिय है, जिसमें अनेक पूर्व राज्यपाल, कुलाधिपति, कुलपति, प्रधानाचार्य, प्राध्यापक, बड़े बड़े साहित्यकार, हिन्दीप्रेमी आदि पूर्ण निष्ठा और समर्पण भाव से जुड़े हैं। संस्था का उद्देश्य साहित्यकारों को प्रेरित कर उन्हें सम्मानित करना तथा राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय सेमिनार व वेबीनार, कविगोष्ठी, साहित्यकार सम्मेलन आदि आयोजित करना है। इसके द्वारा पुस्तक समीक्षा, महापुरुषों की जयंती तथा युवा साहित्यकारों को प्रोत्साहन और प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।
प्रांतीय सलाहकार
संस्था के प्रांतीय संगठन मंत्री डा सतीश चंद्र भगत ने बताया कि बिहार के अधिकांश जिलों में जिलाध्यक्षों व संयोजकों का मनोनयन कर लिया गया है तथा संगठन का विस्तार जोर-शोर से किया जा रहा है। संस्था की स्थापना 15 जुलाई, 2020 को यूपी के पूर्व शिक्षा मंत्री तथा प्रख्यात साहित्यकार डा रवीन्द्र शुक्ल के नेतृत्व में देश के अन्य विद्वानों ने हिन्दी भाषा और साहित्य के उत्थान के उद्देश्य किया था। संस्था का केंद्रीय कार्यालय उत्तरप्रदेश के झांसी में है,जबकि प्रांतीय कार्यालय दरभंगा में स्थित है।
हिन्दी साहित्य भारती के दरभंगा जिलाध्यक्ष डा आर एन चौरसिया ने बताया कि दरभंगा में तीव्र गति से सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है तथा शीघ्र ही कार्यकारिणी समिति व मार्गदर्शक मंडल का भी गठन किया जाएगा। संस्था कार्यक्रमों के माध्यम से महान साहित्यकारों के प्रेरक व्यक्तित्व एवं कृतित्व का प्रचार-प्रसार करेगा, युवा साहित्यकारों को मंच प्रदान करेगा तथा राष्ट्रहित में साहित्य-सृजन को बढ़ावा भी देगा। हिंदी सहित अन्य भाषाओं के विद्वानों को प्रतिष्ठा दिलाना तथा समाजोपयोगी साहित्य को सामने लाना हमारा मुख्य उद्देश्य होगा। डा चौरसिया ने कहा कि 31 जुलाई को मुंशी प्रेमचंद जयंती, गोस्वामी तुलसीदास जयंती तथा आगामी हिन्दी दिवस के अवसर पर 14 सितंबर को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा,जबकि 14 सितंबर से 14 अक्टूबर के बीच हिन्दी माह के रूप में मनाते हुए विभिन्न विषयों पर रोचक व ज्ञानवर्धक व्याख्यानों, वेबीनारों, विचारगोष्ठियों का आयोजन विषय-विशेषज्ञों के माध्यम से कराया जाएगा। वहीं विद्यालयों व महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा, जिनमें सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
प्रो प्रभाकर पाठक ने कहा कि हिंदी भाषा नहीं,बल्कि भारत की अभिलाषा है। इसमें अन्य भाषाओं के शब्दों को ग्रहण कर आत्मसात करने की अद्भुत क्षमता है। हिंदी हमारी मातृभाषा तथा राजभाषा तो है ही हम इसे राष्ट्रभाषा भी करते हैं। उन्होंने पत्रकारों के अनेक प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर भी दिया।
प्रान्तीय मीडिया प्रभारी डा संतोष कुमार ने कहा कि हिंदी तथा इससे संबद्ध सभी भाषाओं का समेकित विकास करना हमारी संस्था का मुख्य उद्देश्य है। संस्था के सदस्य हरि साहनी ने कहा कि हिंदी का राष्ट्र के विकास में काफी योगदान रहा है।इसके माध्यम से हम अपने भावों को सहजता से व्यक्त कर पाते हैं। प्रेसवार्ता को डा प्रतिभा स्मृति तथा डा रितु प्रज्ञा आदि ने भी संबोधित किया।डा आर एन चौरसिया के संचालन में आयोजित प्रेसवार्ता में अतिथियों का स्वागत प्रो अजीत सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संजय कुमार ने किया।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal