*जिलाधिकारी ने बिजुली पंचायत का दौरा कर बाढ़ प्रभावित परिवारों से मिलकर जाना हाल*
*एक सामुदायिक रसोई बढ़ाने को दिए निर्देश*
*सभी को पॉलीथिन शीट्स उपलब्ध कराने को दिए निर्देश*

दरभंगा जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम ने बिजुली पंचायत का भ्रमण कर फोरलेन के समीप काकरघाटी एवं खरथूआ ग्राम के बाढ़ प्रभावित परिवारों का जायजा लिया,
गौरतलब है कि फोरलेन के समीप काकरघाटी एवं खरथूआ ग्राम के लगभग 150 बाढ़ प्रभावित निष्क्रमित परिवार शरण लिए हुए हैं। निष्क्रमित आबादी के लिए काकरघाटी में चलाये जा रहे सामुदायिक रसोई का जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया
एवं बाढ़ प्रभावित परिवारों दिए जा रहे भोजन के संबंध में वहाँ के रसोईया से बातचीत कर भोजन की गुणवत्ता का फीडबैक लिया। उन्होंने अंचलाधिकारी, सदर को फोरलेन के समीप जहां बाढ़ प्रभावित परिवार शरण लिए हुए हैं वहां एक और सामुदायिक रसोई आज ही रात्रि से चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता को तत्काल वहाँ एक चापाकल गड़वा देने का निर्देश दिया। भ्रमण के दौरान पाया गया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच पॉलिथीन शीट्स का वितरण किया गया है। लेकिन, सभी परिवारों को पोलोथिन शीट्स उपलब्ध नहीं हुआ है। जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी, सदर को सभी विस्थापित परिवारों को आज ही पॉलिथीन शिट्स उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। भ्रमण के दौरान अपर समाहर्त्ता विभूति रंजन चौधरी, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता सादुल हसन, अंचलाधिकारी सदर इंद्रासन साह उपस्थित थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal