एंटी ट्रैफिकिंग बिल के समर्थन में बाल संरक्षण समिति के सदस्यों ने निकाला जागरूकता मार्च

संसद के आगामी मानसून सत्र में पारित हो एंटी ट्रैफिकिंग बिल

सीतामढ़ी:-नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित बाल अधिकार कार्यकर्ता कैलाश सत्यार्थी ने जबरिया बाल मजदूरी और ट्रैफिकिंग (तस्करी) के तेजी से बढ़ते मामलों पर रोक लगाने के लिए राजनीतिक दलों और सांसदों से संसद के आगामी मानसून सत्र में फौरन एंटी ट्रैफिकिंग बिल (तस्करी रोधी विधेयक) को पारित करने की मांग की है। एंटी ट्रैफिकिंग बिल के समर्थन में आज दिनांक 20 जुलाई 2021 को सीतामढ़ी जिला के डुमरा प्रखंड के राजोपट्टी में बचपन बचाओ आंदोलन द्वारा गठित बाल संरक्षण समिति के सदस्य के द्वारा बिल के समर्थन में जागरूकता मार्च की शुरुआत की गई है।
कोरोना वायरस महामारी ने भारत में सबसे अधिक बच्चों को प्रभावित किया है और खासकर हाशिए के बच्चों की सुरक्षा के खतरों को बढ़ाया है। कोरोना महामारी काल में बाल श्रम और बाल दुर्व्यापार के मामलों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है।
एक मजबूत एंटी ट्रैफिकिंग कानून हमारे नेताओं की नैतिक और संवैधानिक जिम्मेदारी है और यह राष्ट्र निर्माण व आर्थिक प्रगति की दिशा में एक आवश्यक कदम भी है। जब तक बच्चों को जानवरों से भी कम कीमत पर खरीदा और बेचा जाता रहेगा, कोई भी देश खुद को सभ्य नहीं कह सकता।एंटी ट्रैफिकिंग बिल का पारित होना उन 12 लाख भारतीयों की शानदार जीत कही जाएगी, जिन्होंने साल 2017 में श्री सत्यार्थी के नेतृत्व में देशव्यापी ‘भारत यात्रा’ की थी और मजबूत एंटी ट्रैफिकिंग बिल बनाने की मांग की थी। गौरतलब है कि बच्चों के यौन शोषण और ट्रैफिकिंग के खिलाफ 35 दिनों तक चली यह ऐतिहासिक जन-जागरुकता यात्रा तब 22 राज्यों से गुजरते हुए 12,000 किलोमीटर की दूरी तय की थी। श्री सत्यार्थी ने तब ट्रैफिकिंग के खिलाफ एक मजबूत कानून बनाने की मांग की थी। श्री सत्यार्थी की इस मांग को अंजाम तक पहुंचाने के लिए देशभर के बाल अधिकार कार्यकर्ता, सिविल सोसायटी सदस्य और मुक्त बाल मजदूर नेता भी जन-जागरुकता अभियान चला रहे है और अपने-अपने स्थानीय सांसदों से मिल कर उनसे एंटी ट्रैफिकिंग बिल पास करने की अपील कर रहे है।मौके पर बाल संरक्षण समिति के सदस्य रोबिन कुमार ,बचपन बचाओ आंदोलन के सहायक परियोजना अधिकारी मुकुंद कुमार चौधरी , शिव शंकर शर्मा, शुभम राज सिंह, रघुनाथ शर्मा ,नरेश कुमार, गौतम , बलराम आदि शामिल रहे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal