दरभंगा में पीएमजीएसवाई के तहत सड़कों और पुल-पुलियों का जाल बिछेगा: गोपाल जी ठाकुर

देर रात केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह का दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर ने अपने आवास पर अभिनंदन किया। सांसद श्री ठाकुर ने मिथिला परंपरा अनुसार पाग, चादर व मखाना के माला से सम्मानित कर मंत्री को नव दायित्व हेतु समस्त मिथिलावासियों की तरफ से शुभकामनाएं व बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस दौरान सड़क एवं पुल-पुलिया सहित विभिन्न विकासात्मक विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत दरभंगा जिले में होने वाले 38 पुलों(मिसिंग लिंक ब्रिज) के निर्माण कार्य को यथाशीघ्र प्रारंभ करने का मंत्री से आग्रह किया। सांसद श्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत दरभंगा जिले में अनेक सड़कों का निर्माण किया गया, लेकिन निर्मित की गई सड़कों में पुलों के अभाव के कारण उसका उपयोग ही नहीं हो सका, कुछ सड़कें आज भी दो भाग में विभक्त है, इन सड़कों को सम्पर्क प्रदान करने हेतु 38 पुलों का निर्माण किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
सांसद ने कहा कि जिले में कुल 38 चिन्हित स्थल हैं, जहां प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पुलों का निर्माण किया जाना है। उन्होंने कहा कि सहसराम, जगदीशपुर, रोहाड़ नवटोल, खोटही, तालिबपुर, हाटी, पघारी, सोनपुर, मोहनपुर, भदहर, नदियामि, बरदाहा मुसहरी, बौराम, अखतवारा, रही टोल, चतरा, जमालपुर, अस्मा पौनी, पकरिया, कुबौल, हासोपुर, मुसहरिया, अमृतनगर, सिरनियाँ, डाका बलुआहा, लक्षमिनियाँ, भंडरिया सहित कई अन्य गांवों में पुलों का निर्माण होगा। उन्होंने 38 पुलों के निर्माण किये जाने हेतु प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी, विभागीय मंत्री गिरिराज सिंह जी और पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर जी को धन्यवाद दिया।
श्री ठाकुर ने कहा कि दरभंगा जिले के इन सभी 38 पुलों(मिसिंग लिंक ब्रिज) के निर्माण हेतु लगातार सभी स्तर पर प्रयासरत हूं, इसके लिए लोकसभा में प्रश्न किया तथा 2019 से ही लगातार पत्राचार भी किया है। उन्होंने कहा कि इन पुलों के बन जाने से दरभंगा जिला अंतर्गत बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लाखों की आबादी लाभान्वित होगी। उन्होंने कहा कि आजादी से अब तक इस क्षेत्र में इन पुलों के निर्माण की मांग रही है, जो मोदी सरकार में पूर्ण हो रही है।
सांसद गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना को और आगे बढ़ाते हुए पीएमजीएसवाई फेज – 3 की शुरुआत दिसम्बर 2019 में की है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क- संपर्क और भी बेहतर हो सके। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत सभी महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण कार्य को जल्द से जल्द शुरू किये जाने का भी मंत्री से आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पीएमजीएसवाई फेज-थ्री में दरभंगा लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत सैकड़ों किलोमीटर सड़क का निर्माण होगा, जिससे आम लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि दरभंगा में पीएमजीएसवाई के तहत पुल-पुलियों और सड़कों का जाल बिछेगा।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal