डी.एम. ने बेनीपुर के जरिसो के बाढ़ पीड़ितों का लिया जायजा
लवानी की अच्छी बाढ़ राहत व्यवस्था से डीएम दिखे खुश

दरभंगा – जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने आज बेनीपुर अंचल के जरिसो पंचायत के तीन ग्रामों का भ्रमण कर वहाँ के बाढ़ पीड़ितों के बीच चलाये जा रहे राहत कार्य का जायजा लिया।
सर्वप्रथम जरिसो पंचायत अंतर्गत जरिसो गाँव के सामुदायिक भवन में चल रहे सामुदायिक किचन का उन्होंने अवलोकन किया, वहाँ की व्यवस्था दुरूस्त नहीं रहने एवं सभी पंजी का संधारण नहीं रहने के कारण उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि वहाँ पशुचारा का वितरण किया जा रहा है।
इसके उपरान्त वे महदेई ग्राम का भ्रमण कर बाढ़ पीड़ितों का जायजा लिया, वहाँ कई बटाईदारों ने बताया कि विगत वर्ष फसल क्षति का लाभ उन्हें नहीं मिला था। जिस बावत जिलाधिकारी ने जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया कि फसल क्षति का ठीक से आकलन करवा लें तथा बटाईदारों को भी इसका लाभ दिलवायें। इसके लिए कृषि समन्वयक एवं संबंधित वार्ड सदस्य प्रमाणित करेंगे कि बटाईदार किस फसल की कितनी जमीन में खेती की है।
उन्होंने ग्रामीणों के फीडबैक पर अंचलाधिकारी, बेनीपुर को बाढ़ प्रभावित परिवारों का ठीक से सर्वें कराकर आवश्यकतानुसार पॉलीथिन शीट्स का वितरण उनके बीच करवाने के निर्देश दिये।
इसके उपरान्त वे जरिसो पंचायत के लवानी ग्राम में उत्क्रमित मध्य विद्यालय, लवानी का भ्रमण किया, जहाँ चल रहे सामुदायिक रसोई का निरीक्षण किया, वहाँ की पूरी व्यवस्था प्रशंसनीय दिखी, वहाँ पानी से कटे हुए दूसरे गाँव के 200 लोगों को नाव के माध्यम से वहीं से भोजन पहुँचाया जा रहा था। भ्रमण के दौरान नाव भोजन पहुँचा कर वापस आ रहा था। जिसके बर्तनों की सफाई एवं व्यवस्था भी प्रशंसनीय दिखी। जिलाधिकारी ने निरीक्षण में पाया कि वहाँ के सभी पंजी का संधारण अच्छी तरह से किया गया है तथा व्यवस्था भी बहुत अच्छी की गयी है। वहाँ की व्यवस्था से जिलाधिकारी प्रसन्न दिखे। उन्होंने कहा कि ऐसी ही व्यवस्था सभी जगह होनी चाहिए।
भ्रमण के दौरान अनुमण्डल पदाधिकारी, बेनीपुर प्रदीप कुमार झा, जिला आपदा प्रभारी सत्यम सहाय, वरीय उप समाहर्त्ता राहुल कुमार, अंचलाधिकारी, बेनीपुर एवं प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, बेनीपुर एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal