कवि सत्य नारायण झा के निधन पर विद्यापति सेवा संस्थान ने शोक जताया

मैथिली के वरिष्ठ कवि एवं हिन्दी दैनिक आर्यावर्त के विभूतिपुर प्रखंड के पूर्व संवाददाता सत्य नारायण झा के निधन पर विद्यापति सेवा संस्थान ने मंगलवार को शोक जताया। अपने शोक संदेश में संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने उनके निधन को मिथिला एवं मैथिली साहित्य जगत के लिए अपूर्णीय क्षति बताया। कहा कि मातृभूमि एवं मातृभाषा के प्रति गहरी आस्था रखने वाले स्वाभिमानी साहित्यकार एवं पत्रकार के रूप में की गई उनकी सेवा हमेशा अविस्मरणीय बनी रहेगी।
मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं कमला कांत झा ने उनके निधन को मिथिला के विकास के लिए अपूर्णीय क्षति बताया। वरिष्ठ साहित्यकार मणिकांत झा ने कहा कि उनके निधन से शिक्षा व साहित्य के रास्ते समाज को विकास का आईना दिखाने वाला शख्सियत हमसे जुदा हो गया। प्रो जीवकांत मिश्र ने कहा कि एक व्यवहारपटु व्यक्तित्व एवं मातृभाषा अनुरागी के रूप में उनका योगदान हमेशा अनुकरणीय बना रहेगा।
मीडिया संयोजक प्रवीण कुमार झा ने कहा कि उनके निधन से साहित्यिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक मोर्चों पर मिथिला व मैथिली के हितों की चिंता करने वाला मातृभूमि व मातृभाषा का अनन्य अनुरागी हमसे हमेशा के लिए जुदा हो गया। उनके निधन पर डाॅ महेन्द्र नारायण राम, हरिश्चंद्र हरित, प्रो विजयकांत झा, विनोद कुमार झा, हीरा कुमार झा, प्रो चंद्रशेखर झा बूढाभाई, डॉ गणेश कांत झा, आशीष चौधरी, चंदन सिंह, चौधरी फूल कुमार राय, दुर्गानंद झा आदि ने भी अपनी शोक संवेदना प्रकट की।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal