स्थापना दिवस पर अर्द्धनारीश्वर की भावपूर्ण शिव स्तुति ने सबका मन मोहा

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के 49वें स्थापना दिवस के मौके पर गुरुवार को जुबली हाॅल में आयोजित कार्यक्रम में सृष्टि फाउंडेशन के छात्र-छात्राओं ने शिव स्तुति पर केंद्रित अर्द्धनारीश्वर नृत्य की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। ओडिसी नृत्य शैली में प्रस्तुत इस नृत्य में सृष्टि के कलाकारों ने देवों के देव महादेव और माता पार्वती के अर्द्धनारीश्वर स्वरूपों को अत्यंत भावपूर्ण तरीके से दर्शाया। सावन के शिव भक्तिमय मास में भगवान शिव की भूमिका में टिया रानी और माता पार्वती की भूमिका में प्रियांशी मिश्रा की प्रस्तुति को देख कर दर्शकों को सहसा ही महसूस हो रहा था, जैसे साक्षात भगवान शिव और पार्वती मंच पर प्रकट हो गए हों। वहीं जन्म से मूक-बधिर कलाकार निशा सिंह के साथ स्वेता चौधरी ने अपनी आकर्षक भाव भंगिमा से ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति से सबको अचंभित कर दिया। नृत्य के माध्यम से प्रियांशी मिश्रा ने एक तरफ जहां माता पार्वती के कोमल भावों को बेहतर तरीके से प्रकट किया वहीं दूसरी ओर टिया रानी ने भगवान शिव के रौद्र रूप को अत्यंत भावपूर्ण तरीके से दर्शाया। भगवान शिव की भूमिका मे टिया रानी ने तांडव की बेहतर प्रस्तुति दी तो माता पार्वती की भूमिका में प्रियांशी मिश्रा अपनी मनोहर प्रस्तुति से लोगों को मंत्रमुग्ध करने मे सफल रही। ऊँ नम: शिवाय के भक्तिमय सामूहिक उद्घोष के साथ नृत्य का समापन हुआ।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal