दक्षिण भारत की यात्रा पर आज रवाना होगा सद्भावना यात्रा समिति का 20 सदस्यीय यात्री दल
आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष के उपलक्ष्य में मिथिला की गौरवशाली परंपरा व संस्कृति से दक्षिण भारत के लोगों को रूबरू करायेंगे
इससे पूर्व आजादी के स्वर्ण जयंती वर्ष पर दरभंगा से दिल्ली तक और गणतंत्र के 50 वर्ष पूरे होने पर दरभंगा से इम्फाल तक की साईकिल यात्रा कर चुके हैं समिति के सदस्य

आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष के उपलक्ष्य मे दरभंगा के सद्भावना यात्रा समिति का 20 सदस्यीय दल रविवार को दक्षिण भारत की यात्रा पर रवाना होगा। जानकारी देते हुए सद्भावना यात्रा समिति के संयोजक एवं मैथिली के वरिष्ठ साहित्यकार व चुनाव आयोग के आईकाॅन मणिकांत झा ने बताया कि इस यात्रा के माध्यम से समिति के सदस्य मिथिला की गौरवशाली संस्कृति से दक्षिण भारत के लोगों को रूबरू कराने के साथ ही वहांँ की सभ्यता और संस्कृति को नजदीक से जानने व समझने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने बताया कि समिति के सदस्य इससे पूर्व आजादी के स्वर्ण जयंती वर्ष पर दरभंगा से दिल्ली तक की साईकिल यात्रा तथा गणतंत्र के 50 वर्ष पूरे होने पर दरभंगा से इम्फाल तक की साईकिल यात्रा कर चुके हैं। जबकि अब दरभंगा एयरपोर्ट से उड़ान सेवा आरंभ हो गई है, तो आजादी के 75वें वर्ष में हवाई जहाज से उत्तर से दक्षिण की यात्रा करेंगे।
उन्होेंने बताया कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सफल प्रयास से दरभंगा एयरपोर्ट से उड़ान सेवा का शुभारंभ होने के बाद इस योजना का लाभ लेते हुए सद्भावना यात्री दल रविवार को हैदराबाद पहुँचेगा। सांस्कृतिक एवं धार्मिक यात्रा पर जा रहे इस दल के सदस्य तमिलनाडु के रामेश्वरम, कन्याकुमारी, मदुरै, कांचीपुरम,तथा आंध्र प्रदेश के तिरुपति बालाजी, मल्लिकार्जुन तथा तेलंगाना के अनेक तीर्थ स्थलों पर पूजा अर्चना कर विश्व को कोरोना महामारी से त्राण दिलाने की ईश्वर से सामूहिक प्रार्थना करेंगे। इस यात्रा दल में मैथिली साहित्य में हास्य-व्यंग्य के स्थापित साहित्यकार डाॅ जयप्रकाश चौधरी जनक, अशोक कुमार चौधरी, विजय चंद्र झा, देवकुमार चौधरी, रघुवीर मिश्र, अनिल अग्रवाल, दिलीप कुमार चौधरी, नीशीत कुमार, आशा देवी, नीलम झा, मीना देवी, भरोसा देवी, इंदू देवी, शैला देवी, सुधा देवी,सरोज मिश्र, वसुंधरा देवी,नीलम देवी तथा अंजू देवी शामिल होंगे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal