‘संस्कृत को अपनाने से विज्ञान की पढ़ाई होगी आसान’
सीएम साइंस कॉलेज में कार्यकम आयोजित

केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के तत्वावधान में सीएम साइंस कॉलेज में संचालित हो रहे संस्कृत भाषा प्रमाणपत्र एवं संस्कृत भाषा दक्षता पाठ्यक्रम में नामांकित छात्र-छात्राओं के बीच मंगलवार को पाठ्यक्रम की पुस्तकों के साथ ही सत्र 2019-20 में उत्तीर्ण हुए छात्रों के बीच अंक पत्र तथा प्रमाण पत्र वितरित किया गया। मौके पर वनस्पति विभाग के शिक्षक डॉ खालिद अहमद ने कहा कि संस्कृत भाषा में ही हमारी संस्कृति निहित है। इसलिए हमें इसे प्रारंभिक स्तर से ही पढ़ना चाहिए। वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ दिलीप कुमार झा ने कहा कि संस्कृत वेदों की भाषा है और इसमें हमारी संस्कृति निहित है। इसलिए इसका प्रचार और प्रसार समय की मूलभूत जरूरत है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाचार्य डॉ प्रेम कुमार प्रसाद ने कहा कि संस्कृत भाषा विज्ञान की भाषा है। जल उत्खनन धातु आदि का समुचित विश्लेषण हमारे वेदों में विद्यमान है। इसलिए संस्कृत को अपनाने से विज्ञान की पढ़ाई सर्वथा आसान हो सकती है। मौके पर पाठ्यक्रम संयोजक डॉ अशोक कुमार झा ने कहा कि विदेशों से आकर अनेक विद्वान हमारे यहां संस्कृत के सूत्रों पर आधारित विज्ञान के शोध कार्य में लगे हैं। लेकिन इसके प्रति हमारी रूचि काफी कम है। यदि हम अपनी धरोहर भाषा को आत्मसात कर अन्वेषण कार्य को आगे बढ़ायें तो इसके बेहतर परिणाम सामने आएंगे। पाठ्यक्रम शिक्षिका अंशु कुमारी के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में भौतिकी विभाग के प्राध्यापक डॉ अजय कुमार ठाकुर सहित अनेक शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal