धावा दल ने एक बाल श्रमिक को कराया मुक्त

बचपन बचाओ आंदोलन संस्था की सूचना पर जिले के सरायरंजन प्रखंड में काम कर रहे एक बाल श्रमिक को मिल्क पार्लर से मुक्त कराया गया जबकि पेड़ा चौक से 3 बाल श्रमिको की मुक्ति के बाद स्थानीय लोगों ने हंगामे कर उनको धावा दल से छीन लिया. उन दुकानदारों पर जहां ये 3 श्रमिक कार्यरत थे अब विभाग किस तरह उन पर करवाई करती है ये चर्चा का विषय है.
श्रम अधिक्षिका नेहा आर्या द्वारा गठित धावा दल का नेतृत्व सरायरंजन श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी प्रभाशीस कुमार ने किया जिनके साथ सिंघिया और वारिसनगर के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी ने कार्यवाही को अंजाम दिया.
मौके पर मौजूद संस्था के सहायक परियोजना अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि श्रम विभाग के सहयोग से नियमित बाल श्रमिको को मुक्त करवाने हेतु अभियान चलाया जाता है एवं उनके पुनर्वास हेतु संस्था विभाग से समन्वय करती है.
मालूम हो कि जिले से बाल तस्करी व बाल श्रम उन्मूलन हेतु बचपन बचाओ आंदोलन संस्था, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग व जिला प्रशासन को भेदता मानचित्रण प्रक्रिया में सहयोग कर रही है जिसके अंतर्गत कठिन परिस्थिति में रहने वाले बच्चों व उनके परिवार के सदस्यों की पहचान कर उनको कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है . श्रम विभाग द्वारा लगातार इस दिशा में बाल श्रमिको को मुक्त कराना जिले को बाल श्रम मुक्त जिला बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal