जिला के 65 प्रतिशत लोगों को दिया गया पहला कोविड डोज
-दूसरा डोज़ बढ़ाने के लिए विभागीय प्रयास तेज: डीआईओ

दरभंगा जिला में टीकाकरण महाअभियान संचालित किया जा रहा है। पहले दिन रविवार की शाम तक 54 हजार छ सौ लक्ष्य के विरुद्ध करीब 14 हजार लोगों ने कोरोना से बचाव का टीका लिया। विभागीय जानकारी में बताया गया कि इसमें से डोर टू डोर वैक्सीनेशन का आंकड़ा करीब 12 हजार है। दो हजार लोगों को शहर व प्रखंडों के पीएचसी पर पहला व दूसरा डोज दिया गया। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ ए.के. मिश्रा ने बताया कि टीकाकरण महा अभियान के तहत दो दिनों में एक लाख से अधिक लोगों को वैक्सीन की डोज देने का लक्ष्य रखा गया है। दूसरे दिन सोमवार को लक्ष्य पूरा करने के लिये संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया गया है। कहा कि अधिक से अधिक लोगों को टीका देने के लिये प्रखंडों में करीब 350 टीम बनायी गयी है। जो घर- घर जाकर लोगों को टीका दे रहे हैं। बताया कि महा अभियान के तहत दूसरा डोज देने को लेकर प्राथमिकता दी जायेगी, ताकि इसकी संख्या बढ़ायी जा सके।
23.94 लाख लोगों ने लिया पहला व दूसरा डोज:
डीआइओ डॉ मिश्रा ने बताया लक्ष्य के विरुद्ध अभी तक जिला में 23 लाख 94 हजार 297 लोगों को पहला व दूसरा डोज दिया गया है। इसमें से 17 लाख 97 हजार 802 लाभार्थियों को पहला व पांच लाख 96 हजार 495 को दूसरा डोज दिया जा चुका है। बताया कि लक्ष्य के अनुसार अभी तक जिला के 65 प्रतिशत लोगों को पहला व 37 प्रतिशत को दूसरा डोज लगाया जा चुका है। कहा कि विभाग की ओर से जिला के 27 लाख 77 हजार लोगों को टीका देने का लक्ष्य दिया गया है।
आईसीडीएस, शिक्षक एवं कर्मियों को टीकाकरण जागरूकता को लेकर काम करने को दिया निर्देश
डीआईओ डॉ ए के मिश्रा ने बताया टीकाकरण आंकड़ा को बढ़ाने के लिए विभाग प्रयास कर रहा है। इसके मद्देनजर आईसीडीएस, शिक्षा एवं अन्य विभागीय कर्मियों का सहयोग लिया जा रहा है। उन्हें कहा गया है कि सत्र स्थानों पर अधिक से अधिक लोगों को टीकाकरण के लिए लाया जाए। इसे लेकर जागरूकता पर बल देने को कहा गया। इसमें गांव के अन्य बुद्धिजीवियों का भी सहयोग लेने को कहा गया है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण किया जा सके ।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal