सी एम कॉलेज,दरभंगा के इग्नू अध्ययन केन्द्र तथा डॉ प्रभात दास फाउंडेशन द्वारा सिलाई- कटाई प्रशिक्षण शिविर प्रारंभ
प्रधानाचार्य प्रो विश्वनाथ झा ने शिविर हेतु अपने निजी खर्च से सिलाई- मशीन, कैंची आदि प्रदान किया
दलित,पिछड़े व अल्पसंख्यक बाहुल्य वाजितपुर, दरभंगा की 40 लड़कियों एवं महिलाओं को दिया जाएगा 60 दिनों का प्रशिक्षण
प्राथमिक शिक्षा हमारी शिक्षा- प्रणाली की बुनियाद, जिसके बल पर होगा सब का सर्वांगीण विकास- प्रो विश्वनाथ

सिलाई-कटाई प्रशिक्षण रोजगारपरक, जिससे आत्मनिर्भरता के साथ दूर होगी बेरोजगारी- डा चौरसिया
शिक्षा मानव विकास का मूल आधार है। प्राथमिक शिक्षा ही हमारी शिक्षा-प्रणाली की बुनियाद है, जिसके बल पर सब का सर्वांगीण विकास संभव है। आपने परिश्रम एवं आत्मानुशासन से कोई भी व्यक्ति जीवन में आगे बढ़ सकता है। उक्त बातें सी एम कॉलेज, दरभंगा के प्रधानाचार्य प्रो विश्वनाथ झा ने महाविद्यालय के इग्नू अध्ययन केन्द्र तथा डा प्रभात दास फाउंडेशन,दरभंगा द्वारा दलित, पिछड़े एवं अल्पसंख्यक बाहुल्य वाजितपुर, किलाघाट, दरभंगा के 40 लड़कियों एवं महिलाओं को दिया जा रहा 60 दिवसीय सिलाई- कटाई प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता करते हुए कही। प्रधानाचार्य ने अपने निजी खर्च से प्रशिक्षणार्थियों की सुविधा के लिए स्थाई रूप से उच्च कोटि की सिलाई मशीन, कैंचियाँ आदि सामग्री प्रदान करते हुए कहा कि मैं इस मोहल्ले के सर्वांगीण विकास हेतु सदा तत्पर हूँ। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाकर सैनिक स्कूल, सिमुरतल्ला, नेतरहाट, केन्द्रीय तथा नवोदय आदि विद्यालयों में भेजने का आह्वान करते हुए कहा कि गरीब समाज में भी अब्दुल कलाम जैसे व्यक्तित्व उत्पन्न होते हैं।
मुख्य वक्ता के रूप में इग्नू समन्वयक डा आर एन चौरसिया ने कहा कि सिलाई- कटाई प्रशिक्षण रोजगारपरक कार्यक्रम है, जिसके बल पर हम आत्मनिर्भरता को प्राप्त कर बेरोजगारी को दूर कर सकते हैं। प्रशिक्षित महिलाएं आत्मविश्वास के साथ अपने जीवन को बेहतर बना सकती हैं। इस दिशा में दलित, पिछड़े व अल्पसंख्यक बाहुल्य वाजितपुर, दरभंगा की 40 लड़कियों व महिलाओं को 60 दिनों का सिलाई व कटाई प्रशिक्षण शिविर मील का पत्थर साबित होगा।
सम्मानित वक्ता के रूप में अंबेडकर युवा केन्द्र, वाजितपुर, दरभंगा के अध्यक्ष विजय पासवान ने इग्नू तथा फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे प्रशिक्षण शिविर की सराहना करते हुए आभार प्रकट किया तथा आग्रह किया कि जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, समाजसेवियों एवं बुद्धिजीवियों की मदद से वाजितपुर में अच्छा वातावरण बने, ताकि हमारा समाज भी प्रगतिपथ पर तेजी से आगे बढ़ सके। इस प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाएं सशक्त होगी तथा हमारा समाज प्रगति करेगा।
विषय प्रवेश कराते हुए सी एम कॉलेज के ई-कॉमर्स के समन्वयक डा ललित शर्मा ने कहा कि हर व्यक्ति में कोई न कोई खूबी जरूर पाई जाती है। हमें प्रगतिशील होना चाहिए और अपने रूचि के अनुसार अपना कैरियर बनाना चाहिए। यदि दृढ़ इच्छाशक्ति हो तो व्यक्ति अपने जीवन में सफलता अवश्य प्राप्त करता है। उन्होंने महिलाओं की अनेक वास्तविक, प्रेरक एवं सफल कहानियों के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों का हौसला अफजाई किया।
कार्यक्रम की शुरुआत शिविर- संयोजिका डा प्रेम कुमारी के गोस्वानी गीत- जय जय भैरवी असुर भयाउनी.. से, जबकि अंत राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से हुआ। शिविर का उद्घाटन अतिथियों द्वारा लाल फीता काटकर किया गया, जबकि अतिथियों का स्वागत पुष्प से किया गया। कार्यक्रम में मॉडर्न अंबेडकर स्कूल, वाजितपुर के निदेशक उमा शंकर पासवान, शिविर- शिक्षिका दुर्गा देवी, स्वयंसेवक अमरजीत कुमार, संगत कलाकार जय किशोर पासवान, फाउंडेशन के कार्यकर्ता राजकुमार गणेशन व अनिल कुमार सिंह, सरोज पासवान तथा त्रिलोकनाथ चौधरी सहित 40 से अधिक व्यक्तियों ने भाग लिया।
आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए फाउंडेशन के राज्य सचिव मुकेश कुमार झा ने कहा कि यह प्रशिक्षण लगातार चलाया जाएगा, जिससे महिलाओं को स्वरोजगार प्राप्त होगा। सभी प्रशिक्षणार्थियों को शिविर के अंत में प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा। सी एम कॉलेज के एनसीसी पदाधिकारी डा शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन किया।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal