जिला में मिशन परिवार विकास अभियान का किया जा रहा संचालन
-अभियान के तहत ज़िला में 90 पुरुषों की नसबंदी का रखा लक्ष्य
-बहेड़ी में अब तक 11 पुरुषों ने करायी नसबंदी
-परिवार नियोजन के साधनों की भी दी जा रही जानकारी

दरभंगा जिले में 15 नवंबर से मिशन परिवार विकास अभियान का संचालन किया जा रहा है। दो चरणों में आयोजित इस अभियान के द्वारा 15 से 21 नवंबर तक दंपत्ति संपर्क पखवाड़ा तथा 22 नवम्बर से 04 दिसम्बर तक जिले में सभी इच्छुक दंपत्तियों को विभिन्न परिवार नियोजन सुविधाओं का लाभ दिया जाएगा। इस अभियान के बेहतर क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को इस अभियान की जानकारी अपने क्षेत्र के लोगों को पहुँचाने और इच्छुक दंपत्तियों को आवश्यक योजनाओं का लाभ देने का निर्देश दिया गया।
परिवार नियोजन के स्थायी व अस्थायी सुविधा का दिया जाएगा लाभ
डीसीएम संजय कुमार ने कहा कि देश की जनसंख्या नियंत्रण में सहयोग प्रदान करने के लिए सभी दंपत्तियों को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है। इसके लिए सरकार द्वारा परिवार नियोजन के विभिन्न स्थाई तथा अस्थाई विकल्प साधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं जिसका लोग किसी भी अस्पताल से लाभ उठा सकते हैं। लोगों को इसकी जानकारी देने के साथ ही इच्छुक दंपत्तियों को परिवार नियोजन के विभिन्न साधन उपलब्ध कराने के लिए मिशन परिवार विकास पखवाड़ा 15 नवंबर से 04 दिसंबर तक चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत 90 पुरुष नसबंदी का लक्ष्य रखा गया है। कहा कि बहेड़ी में अच्छी शुरुआत हुई है, अब तक 11 पुरुष नसबंदी हो चुकी है। अभियान की जानकारी सभी प्रखंड की आशा, एएनएम तथा सेविकाओं द्वारा लोगों तक पहुँचाई जा रही है। सभी प्रखंड को 22 नवंबर तक परिवार नियोजन सुविधाओं के लिए इच्छुक लोगों की लाइन लिस्ट तैयार करनी है और 22 नवंबर से 04 दिसंबर तक उनसभी लोगों को परिवार नियोजन के स्थायी और अस्थायी सेवा का लाभ दिया जाएगा।
परिवार नियोजन के स्थायी सुविधा के लिए पुरुषों को आना चाहिए आगे :
सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार ने कहा पखवाड़े को सफल बनाने के लिए सभी प्रखंड को परिवार नियोजन के स्थायी सुविधा का लाभ पहुँचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परिवार नियोजन की स्थायी सुविधा के रूप में महिलाओं के लिए बंध्याकरण तथा पुरुषों के लिए पुरुष नसबंदी की सुविधा दी जायेगी। इसके लिए सभी प्रखंडों को पूरे पखवाड़े के दौरान कम से कम महिला बंध्याकरण तथा पुरुष नसबंदी कराने का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने कहा कि महिला बंध्याकरण की तुलना में पुरुष नसबंदी आसान और सुलभ होता है और इससे पुरुषों की पौरुषता में भी कोई समस्या नहीं होती। इसलिए परिवार नियोजन के स्थायी साधनों के लिए पुरुषों को आगे बढ़कर भाग लेना चाहिए।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal