‘दरभंगा एयरपोर्ट सं उड़ान शुरू भेलाक बादक मिथिला’विषयक संगोष्ठी में मंत्री ने कहा,
नित्य नए कीर्तिमान रच रहा है दरभंगा एयरपोर्ट, जल्दी ही दूर होंगी खामियां
——
मणिकांत झा रचित पुस्तक ‘आंखिक पांखि मिथिलाक उड़ान’ का भी किया लोकार्पण

मिथिला के विकास की आकांक्षा अब जाग चुकी है. वर्षों का सपना अब साकार होने लगा है. उड़ान योजना की ऐतिहासिक कामयाबी ने मिथिला के सर्वांगीण विकास के सभी दरवाजे खोल कर रख दिए हैं. सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में मिथिला न सिर्फ अव्वल स्थान पर काबिज हो चुका है, बल्कि यह नित्य प्रतिदिन नए कीर्तिमान रच रहा है. उक्त बातें बिहार सरकार के जल संसाधन एवं सूचना व जनसंपर्क मंत्री संजय झा ने बुधवार को महात्मा गांधी शिक्षण संस्थान के तत्वावधान में आयोजित ‘दरभंगा एयरपोर्ट सं उड़ान शुरू भेलाक बादक मिथिला’विषयक संगोष्ठी का उद्घाटन एवं मणिकांत झा रचित पुस्तक ‘आंखिक पांखि मिथिलाक उड़ान’ का लोकार्पण करते हुए कही. उन्होंने अपने संबोधन में दरभंगा एयरपोर्ट की विकास यात्रा की चर्चा करते हुए इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को देते हुए कई अनेक लोगों का नाम लिया जिनका इस कार्य में सराहनीय योगदान रहा. उन्होंने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट हाईवे पर अवस्थित संभवतः देश का इकलौता हवाई अड्डा है, जिसकी रही सही कमी जल्दी दूर हो जाएंगे.
संगोष्ठी में बीज भाषण करते हुए वरिष्ठ पत्रकार विष्णु कुमार झा ने उड़ान योजना के तहत दरभंगा एयरपोर्ट की उपलब्धियों और वर्तमान में इसके सफल संचालन में आ रहे व्यवधान की विस्तारपूर्वक चर्चा की. कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी विवेकानंद झा ने की. अपने संबोधन में उन्होंने मंत्री संजय झा के कार्य शैली की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए उन्हें सही मायने में विकास पुरुष करार दिया. साथ ही मणिकांत झा से विकास से जुड़े अन्य विषयों पर भी अपनी लेखनी चलाने का अनुरोध किया.
संगोष्ठी में लनामिवि दूरस्थ शिक्षा निदेशक अशोक कुमार मेहता, सीएम साइंस कॉलेज के वरिष्ठ प्राध्यापक डा अशोक कुमार झा, जदयू किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव देव कुमार झा, वरीय अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार चौधरी, जदयू अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष कन्हैया कुमार साह, जदयू के बहादुरपुर प्रखंड अध्यक्ष रामनरेश भगत आदि ने भी अपने विचार रखे. दीपक कुमार झा के गाए गणेश वंदना से शुरू हुए कार्यक्रम में स्वागत भाषण महात्मा गांधी शिक्षण संस्थान के चेयरमैन हीरा कुमार झा ने किया. स्वागत गान डॉ सुषमा ने प्रस्तुत किया जबकि कार्यक्रम में दरभंगा एयरपोर्ट से पहले विमान यात्रा करने वाले अनिल कुमार अग्रवाल एवं सूरज कुमार झा सहित वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ ओम प्रकाश एवं युवा कलाकार आचार्य भास्कर को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के दौरान आचार्य भास्कर द्वारा उड़ान पर केंद्रित बनाई गई मिथिला पेंटिंग मंत्री को प्रदान की गई. डा इंदिरा झा के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ साहित्यकार डॉ महेंद्र नारायण राम ने किया. मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक राय, डॉ प्रभा मलि्लक, राजीव कुमार झा, उदय कुमार सिंह, सुबोध मिश्र, प्रो विजय कांत झा, विनोद कुमार झा, प्रवीण कुमार झा, प्रो चंद्र शेखर झा बूढा भाई, संतोष कुमार झा आदि की उल्लेखनीय उपस्थिति रही.
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal