Breaking News

19 वां अंतरराष्ट्रीय मैथिली सम्मेलन 22-23 दिसंबर को श्रीअयोध्याधाम में

19 वां अंतरराष्ट्रीय मैथिली सम्मेलन 22-23 दिसंबर को श्रीअयोध्याधाम में

कौशलेन्द्र कथा मण्डपम में शुरू हुई तैयारियां

दो दिवसीय मैथिली के संवैधानिक अधिकार दिवस के रूप में 19 वां अंतरराष्ट्रीय मैथिली सम्मेलन 22 एवं 23 दिसंबर को श्रीअयोध्याधाम में आयोजित होगा। शनिवार को वृंदावन पहुँचे विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू के साथ आयोजन समिति के सदस्यों ने सोमवार को सम्मेलन के स्थल के रूप में चयनित कौशलेन्द्र कथा मण्डपम का निरीक्षण किया एवं तैयारियों की समीक्षा की। यह जानकारी देते हुए विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डाॅ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने बताया कि 19 वें अंतरराष्ट्रीय मैथिली सम्मेलन के लिए गठित स्वागत समिति का मुख्य संरक्षक परमपूज्य श्रीश्री 1008 गौ संतसेवी श्री महंथ कौशल किशोर दास जी महाराज को बनाया गया है। जबकि श्रीश्री 1008 श्री महंथ स्वामी अवधेश कुमार दास जी महाराज को स्वागत समिति का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। अंतरराष्ट्रीय मैथिली सम्मेलन के प्रवक्ता की जवाबदेही एक बार फिर से विद्यापति सेवा संस्थान के मीडिया संयोजक प्रवीण कुमार झा को दी गई है।
डाॅ बैजू ने बताया कि कोरोना के सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में मैथिली साहित्य एवं संस्कृति की अविरल धारा लगातार दो दिनों तक बहेगी। इसमें विचार गोष्ठी प्रभारी मणिकांत झा के नेतृत्व में जहाँ ‘मिथिला, मैथिली एवं मैथिलक उत्कर्ष’ विषय पर केन्द्रित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन होगा। वहीं, हरिश्चंद्र हरित के संयोजन में भव्य अंतरराष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दोनों दिन संध्या बेला में आयोजित होने वाला रंगारंग कार्यक्रम प्रतिनिधियों के विशेष आकर्षण के केन्द्र में होगा। मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष एवं मैथिली मंच के स्वनामधन्य उद्घोषक पं कमलाकांत झा एवं प्रो जीवकांत मिश्र के संयोजन में आयोजित होने वाले रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में मैथिली मंच के स्टार कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। इस पर जहां भव्य संत समागम का आयोजन किया जाएगा वहीं ‘अयोनिजा’ नाम से संग्रहणीय स्मारिका का प्रकाशन किया जाएगा। स्मारिका का प्रबंध संपादक सीएम कालेज के प्रधानाचार्य डा फुलो पासवान को बनाया गया है। जबकि संपादक की कमान वरिष्ठ साहित्यकार डा महेंद्र नारायण राम को और सह संपादक की कमान प्रवीण कुमार झा को प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन के दौरान संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल विभिन्न भाषाओं में उत्कृष्ट साहित्यिक अवदान देने वाले साहित्यकारों सहित अन्य विधाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले व्यक्तियों को मिथिला रत्न सम्मानोपाधि प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि मां सीता के ससुराल में आयोजित हो रहे 19 वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में बतौर अतिथि अपनी उपस्थिति की स्वीकृति बिहार सरकार के काबीना मंत्री संजय झा एवं जिवेश मिश्र के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री डा सीपी ठाकुर, दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर , दरभंगा नगर विधायक संजय सरावगी आदि ने दे दी है। जबकि इस सम्मेलन में बतौर अतिथि शिरकत करने के लिए केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, वृंदावन के विधायक एवं उत्तर प्रदेश के विद्युत मंत्री श्रीकांत शर्मा, मधुबनी के सांसद डॉ अशोक कुमार यादव, बेनीपुर के विधायक प्रो विनय कुमार चौधरी, केवटी विधायक मुरारी मोहन झा, अलीनगर विधायक डॉ मिश्री लाल यादव, बिस्फी विधायक हरि भूषण ठाकुर बचौल आदि को आमंत्रित किया गया है।

Check Also

• आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित… 

🔊 Listen to this   • आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की …