युवा महोत्सव ‘मिथिलारोहण’ की तैयारियां जोरों पर
——-
21 से 24 दिसंबर तक सीएम साइंस कॉलेज परिसर में हो रहा भव्य आयोजन

सीएम साइंस कॉलेज में आयोजित हो रहे ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय युवा महोत्सव 2021 ‘मिथिलारोहण’ की तैयारियां जोरों पर है. 21 से 24 दिसम्बर तक महाविद्यालय में कुल चार जगहों पर विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा. जबकि 20 दिसम्बर से विभिन्न महाविद्यालयों से प्रतिभागी टीम का आगमन शुरू हो जाएगा. रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में प्रधानाचार्य डॉ प्रेम कुमार प्रसाद ने उपरोक्त जानकारी देते बताया कि 21 दिसंबर को ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो सुरेंद्र प्रताप सिंह आयोजन की विधिवत शुरुआत करेंगे. जबकि इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ मुश्ताक अहमद, वित्त परामर्शी कैलाश राम एवं खेल पदाधिकारी डॉ अजय नाथ झा की बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थिति रहेगी.
उन्होंने बताया कि आयोजन के दौरान कोविड-19 के सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष ध्यान रहेगा. इसके लिए सिविल सर्जन, दरभंगा से आयोजन के दौरान महाविद्यालय परिसर में मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति के लिए विशेष अनुरोध किया गया है. सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं से पंजीकरण कराने के समय कोरोना टीका का प्रमाण पत्र समर्पित करने के लिए निर्देशित किया गया है. जबकि ऐसे प्रतिभागी जो अब तक कोरोना का टीका नहीं ले पाए होंगे, उनके लिए मौके पर ही टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी.
‘मिथिलारोहण’ के आयोजन सचिव सह रसायन विभागाध्यक्ष डॉ दिलीप कुमार चौधरी ने बताया कि लगातार चार दिनों तक होने वाले इस आयोजन में किसी प्रतिभागी छात्र-छात्रा को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हो, इस पर विशेष ध्यान होगा. प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के रहने एवं खाने की व्यवस्था न सिर्फ महाविद्यालय परिसर में ही की गई है, बल्कि चौबीसो घंटे प्राथमिक चिकित्सा एवं सुरक्षा की व्यवस्था विशेष रूप से बहाल की गई है. उन्होंने जानकारी दी कि प्रतिभागियों की सुविधा के मद्देनजर हर जगह पर प्रतियोगिता से संबंधित तिथि, समय एवं स्थान के साथ संबंधित प्रतियोगिता के प्रभारी का नाम उनके मोबाइल नंबर सहित प्रदर्शित किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि समापन समारोह 24 दिसंबर को आयोजित होगा. जिसमें सफल प्रतिभागियों को बतौर मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय की प्रति-कुलपति डा डॉली सिन्हा अपने कर-कमलों से पारितोषिक प्रदान करेंगी. प्रेस वार्ता में महाविद्यालय के बर्सर डा अशोक कुमार झा, गणित विभागाध्यक्ष डा अभय सिंह, आइक्यूएसी समन्वयक डा अभय कुमार झा, भौतिकी विभाग के शिक्षक डॉ अजय कुमार ठाकुर आदि ने भी अपने विचार रखे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal