कोरोना के बढ़ते संक्रमण को लेकर मुख्य सचिव के वी.सी. के आलोक में डी.एम. ने की बैठक
स्वास्थ्य विभाग को डी.एम. ने दिये कई निर्देश
चलेगा मास्क चेकिंग अभियान
चिकित्सकों की छुट्टी हुई रद्द

दरभंगा कोविड-19 की तीसरी लहर के साथ ही कोरोना संक्रमण के बढ़ते संख्या को देखते हुए बिहार के मुख्य सचिव श्री आमिर सुबहानी की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, बी.एम.एस.आई.सी.एल. के प्रबंध निदेशक श्री संजय कुमार सिंह तथा सभी जिले के जिलाधिकारी के साथ ऑनलाईन बैठक की गयी।

बैठक में दिये गये निर्देश के आलोक में जिलाधिकारी, दरभंगा राजीव रौशन द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सिविल सर्जन, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी के साथ बैठक कर निर्देश दिया गया कि प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य 9,600 को बढ़ाकर कम से कम 10 हजार लोगों का कोरोना टेस्टिंग करवाई जाए।
संक्रमित को तुरन्त दवा कराये उपलब्ध:
बताया गया कि इनमें 3,000 आर.टी.पी.सी.आर. एवं 6,600 रैपिड एन्टीजन टेस्ट शामिल हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि कोविड-19 की टेस्टिंग जो गतिमान आयु वर्ग (मोबाईल एज ग्रुप) 21 से 50 वर्ष है, को ज्यादा प्राथमिकता दी जाए और जैसे ही रैपिड एन्टीजन टेस्ट की जाँच में पॉजिटिव परिणाम पाया जाये, तुरंत उसे दवा का किट्स उपलब्ध कराकर उसका मोबाईल नम्बर दर्ज कर प्राप्ति ले ली जाए। इसके लिए पर्याप्त संख्या में मोबाईल टेस्टिंग भान की भी व्यवस्था की जाए और प्रखण्डवार 01 टॉल-फ्री नम्बर जारी की जाए। उसपर जैसे ही कोई कॉल करे, उसकी जाँच करने हेतु मोबाईल टेस्टिंग भान उसके घर पहुँच जाये, इससे संक्रमण बढ़ने का खतरा टल जाएगा। उन्होंने कहा कि जाँच करने वाली टीम पी.पी.ई. किट् में रहेगी। इसके साथ ही जिला स्तर पर पूर्वाह्न 09ः00 बजे से रात्रि 09ः00 बजे तक चल रहे टीकाकरण केन्द्र के समीप एक कोरोना जाँच केन्द्र भी पूर्वाह्न 09ः00 बजे से रात्रि 09ः00 बजे तक के लिए बनाया जाए, जहाँ कोरोना के लक्षण वाले कोई भी व्यक्ति जाकर अपनी जाँच करा सके। आर.टी.पी.सी.आर. टेस्ट रिपोर्ट 24 घंटे के अन्दर उपलब्ध करा दी जाए।
कोविड कंट्रोल रूम स्थापित करने का निर्देश:
उन्होंने सिविल सर्जन को प्रखण्डवार कोविड कंट्रोल रूम स्थापित करने का निर्देश दिया। साथ ही जिला स्तर पर एक कोविड कंट्रोल रूम जो 24 घंटे कार्यरत रहें, स्थापित करने का निर्देश दिया और वहाँ से सभी होम आईसोलेशन वालों से 04-05 प्रश्न पुछवाने का निर्देश दिया गया। मसलन – कितना बुखार हैं, भोजन में क्या खा रहे हैं, प्लस रेट कितना है, होम आईसोलेशन में कब से हैं, इसके साथ ही यदि ब्लड सुगर है, तो ब्लड सुगर लेवल कितना है, इसके साथ ही उसके घर वालों को कोविड पॉजिटिव व्यक्ति से दूरी रखने की सलाह दी जाए। चिकित्सक वैकल्पिक दिवस पर कोविड पॉजिटिव के घर भ्रमण कर उनका हाल-चाल ले लें, यदि स्थिति ठीक है, तो होम आईसोलेशन में लगातार रहने और यदि आवश्यकता है, तो पी.एच.सी., सी.एच.सी. भेजने की सलाह दी जाए।
किशोरों के टीकाकरण को ले ड्राइव चलाने का निर्देश:
उन्होंने कहा कि 08 जनवरी 2022 को 15 से 18 वर्ष वाले किशोरों के लिए टीकाकरण का मेगा ड्राइव चलाया जाएगा। अतः शिक्षा विभाग से जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी समन्वय स्थापित कर शत्-प्रतिशत किशोरों का टीकाकरण करवाना सुनिश्चित करें। साथ ही हेल्थ वर्कर एवं फ्रंट लाइन वर्कर जिनके द्वारा दूसरा डोज लिए हुए 9 माह हो गया है, उनके लिए तीसरा प्रिकॉशनेरी डोज का मेगा ड्राइव 10 एवं 11 जनवरी 2022 को चलाया जाए। इसके लिए कार्य योजना बना ली जाए। उन्होंने कहा कि कोविड मरीज के लिए डेडिकेटेड एम्बुलेंस अनुमण्डलवार रखी जाए, जो कॉल सेन्टर पर सूचना प्राप्त होते ही मरीज के पास पहुँच जाए। चुकी शहरी क्षेत्र में संक्रमण की दर ज्यादा रहती है, इसलिए सदर अनुमण्डल में एम्बुलेंस की संख्या अधिक रखी जाए। उन्होंने कहा कि 01 एम्बुलेंस पर 02-02 चालक की व्यवस्था रखी जाए, ताकि दोनों शिफ्ट में एम्बुलेंस कार्यरत रह सके। सभी चिकित्सकों की छूट्टी तत्काल रद्द कर दी गयी है और सभी का मुख्यालय में रहना अनिवार्य है।
जागरूकता को ले कराये माइकिंग:
कोरोना के प्रति जागरूकता लाने हेतु सघन माइकिंग करवाने का निर्देश सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को देने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त सभी पणन पदाधिकारी एवं प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारी को दूकानों को मास्क चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश जिला आपूर्ति पदाधिकारी को दिया गया। इसके साथ ही मास्क वाले ग्राहकों को ही सामान दिया जा रहा है कि नहीं इसकी भी जाँच हो। उन्होंने कहा कि गंभीर कोरोना संक्रमित व्यक्ति को डी.एम.सी.एच. में भर्ती के समय ही ऑक्सीजन की आपूर्ति हो सके, इसकी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। डी.एम.सी.एच. के 03 एवं बेनीपुर अनुमण्डलीय अस्पताल के एक ऑक्सीजन प्लांट को चालू हालत में रखने का निर्देश दिया गया।
जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से 24 घंटे एम्बुलेन्स टीमों की सुविधा:
बताया गया कि उच्च जोखिमयुक्त व्यक्तियों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर रोगों से ग्रसित व्यक्ति की कोविड-19 जाँच कराने हेतु जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से 24×07 घंटे एम्बुलेन्स टीमों की सुविधा तथा कोविड पॉजिटिव मरीजों को निर्धारित चिकित्सा केन्द्रों में भर्ती करने हेतु निःशुल्क एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है। बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति द्वारा इस हेतु दरभंगा जिला के लिए मेडिकल हेल्पलाइन नम्बर – 1800-345-6610 तथा विशेष जानकारी के लिए हेल्पलाइन नम्बर – 104 जारी किया गया है।
टेली मेडिसिन एप पर सोमवार से शनिवार तक सुबह 09 बजे से शाम 04 बजे तक डॉक्टर से मुफ्त परामर्श तथा कोरोना संक्रमण से बचाव के उपाय, जाँच, उपचार, स्वास्थ्य संस्थानों की सूची एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की जा सकती है। उक्त बैठक में सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार सिन्हा, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अमरेन्द्र कुमार मिश्र, उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अजय कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अजय कुमार, डी.पी.एम. (हेल्थ) विशाल कुमार व अन्य संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal