ई-श्रम पोर्टल पर असंगठित कामगारों के निबंधन को लेकर हुई बैठक

दरभंगा, समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेदकर सभागार में जिलाधिकारी, राजीव रौशन की अध्यक्षता में ई-श्रम(www. eshram.gov.in)
पोर्टल पर असंगठित क्षेत्र के 16 से 59 वर्ष तक के कामगारों के निबंधन का लक्ष्य पूरा करने को लेकर बैठक की गयी।
बैठक में श्रम अधीक्षक, दरभंगा द्वारा बताया गया कि जिले के सभी असंगठित कामगारों का यथा – मनरेगा कामगार, स्वयं सहायता समूह के सदस्य, स्ट्रीट वेंडर (फेरी वाला), रिक्शा चालक, निर्माण श्रमिक, मिड डे मील वर्कर्स, घरेलू कामगार, प्लेटफॉर्म कामगार, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सेविका, कृषि श्रमिक, मत्स्य पालन में संलग्न व्यक्ति एवं ईट भट्ठा पर कार्यरत श्रमिकों को उनके विभाग के माध्यम से ई-श्रम पोर्टल पर निबंधन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित लाभ प्राप्त करने के लिए असंगठित क्षेत्र में कार्यरत मजदूरों का ई-श्रम पोर्टल पर निबंधन आवश्यक है। इसके साथ ही ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकृत कामगारों को दूर्घटना के लिए 02 लाख रूपये का सुरक्षा बीमा कवर मिलेगा। ऑनलाईन निबंधन सोमवार से शनिवार तक सुबह 08ः00 बजे से शाम 08ः00 बजे तक किया जाता है।
उन्होंने बताया कि दरभंगा जिला के लिए 13 लाख 21 हजार 386 असंगठित कामगारों के निबंधन का लक्ष्य निर्धारित है। अभी तक 09 लाख 61 हजार 500 असंगठित कामगारों का निबंधन कराया जा चुका है, जो लक्ष्य का 72.72 प्रतिशत् है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जीवका के सभी भी.ओ. (ग्राम संगठन) से इस आशय का प्रमाण-पत्र ले लिया जाए कि उनसे जुड़े हुए स्वंय सहायता समूह के सभी सदस्यों ने अपना निबंधन ई श्रम पोर्टल पर करा लिया है। इसके साथ ही खनन विभाग के माध्यम से ईट भट्ठों में कार्यरत कामगारों का एवं परिवहन विभाग द्वारा परिवहन से संबंधित कामगारों का एवं कृषक मजदूरों का कृषि विभाग के किसान सलाहकार तथा मनरेगा के माध्यम से सभी जॉब कार्डधारी मजदूरों का निबंधन ई श्रम पोर्टल पर कराने हेतु निदेशित किया जाए।
बैठक में सहायक समाहर्त्ता अभिषेक पलासिया, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार सिन्हा, उप निदेशक, जन सम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, श्रम अधीक्षक, दरभंगा, जिला स्वास्थ्य प्रबंधक विशाल कुमार सहित संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal