बिरजू महाराज के निधन पर विद्यापति सेवा संस्थान ने शोक जताया

पद्म विभूषण से सम्मानित कथक नर्तक बिरजू महाराज के निधन पर विद्यापति सेवा संस्थान ने सोमवार को शोक जताया. संस्थान के महासचिव डा बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने उनके निधन को कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताते कहा कि पंडित जी और महाराज जी के उपनाम से खासे लोकप्रिय रहे बिरजू महाराज को देश के शीर्ष कथक नृतकों में से एक माना जाता रहा है। दशकों से वह कला जगत के सिरमौर बने रहे. कला जगत में उनकी कृति सदैव अमर रहेगी.
मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं कमलाकान्त झा ने कहा कि कथक नर्तकों के महाराज परिवार से ताल्लुक रखने वाले बिरजू महाराज ने अपने पिता और गुरु अच्छन महाराज व चाचा शंभू महाराज और लच्छू महाराज की परंपरा को बखूबी आगे बढ़ाया। प्रो जीवकांत मिश्र व वरिष्ठ साहित्यकार मणिकांत झा ने कहा कि पंडित बिरजू महाराज के निधन से भारतीय कला जगत ने अपने एक अनूठे कलाकार को खो दिया.
मीडिया संयोजक प्रवीण कुमार झा ने कहा कि कथक नृत्य के जरिए सामाजिक संदेश प्रसारित करने के लिए बिरजू महाराज को हमेशा याद किया जाएगा. शोक जताने वाले अन्य लोगों में डॉ महेंद्र नारायण राम, हरिश्चंद्र हरित, डॉ गणेश कांत झा, विनोद कुमार झा, प्रो विजयकांत झा, प्रो चंद्रशेखर झा बूढा भाई, डॉ उदय कांत मिश्र, डॉ महानंद ठाकुर, विद्यापति टाइम्स के विनोद कुमार, दुर्गानंद झा, आशीष चौधरी, पुरूषोत्तम वत्स आदि शामिल हैं।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal