Breaking News

‘विज्ञान सर्वत्र पूज्यते’ कार्यक्रम को लेकर पोस्टर का हुआ विमोचन –

‘विज्ञान सर्वत्र पूज्यते’ कार्यक्रम को लेकर पोस्टर का हुआ विमोचन

सीएम साइंस कॉलेज में 22 से 28 फरवरी तक मनाया जायेगा विज्ञान सप्ताह
– देश भर के वैज्ञानिक छात्र-छात्राओं को विज्ञान के प्रति करेंगे प्रेरित
– विज्ञान सप्ताह के लिए राज्य में से सीएम साइंस का चयन होना कॉलेज के लिए बड़ी उपलब्धि : प्रो. दिलीप कुमार चौधरी
– वैज्ञानिकों के अतुलनीय योगदान से नई पीढ़ी को अवगत कराना विज्ञान सप्ताह का मकसद : मानवर्धन कंठ
दरभंगा। ‘विज्ञान सर्वत्र पूज्येते’ (विज्ञान सप्ताह) कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को सीएम साइंस कॉलेज में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन हुआ। सीएम साइंस कॉलेज में 22 से 28 फरवरी तक होने वाले विज्ञान सप्ताह कार्यक्रम को लेकर सीएम साइंस कॉलेज के प्राचार्य प्रो. दिलीप कुमार चौधरी और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मन्त्रालय के स्वायत्त संस्थान विज्ञान प्रसार द्वारा संचालित ‘इंडिया साइंस’ चैनल के संपादक मानवर्धन कंठ ने पोस्टर का विमोचन किया। प्रेस को संबोधित करते हुए सीएम साइंस कॉलेज के प्राचार्य प्रो. दिलीप कुमार चौधरी ने कहा कि आजादी के 75 साल के उपलक्ष्य में पूरे देश भर में अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इस उपलक्ष्य में भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से ‘विज्ञान सर्वत्र पूज्यते’ (विज्ञान सप्ताह) का आयोजन किया जा रहा है। पूरे देश भर में 75 जगहों पर ‘विज्ञान सप्ताह’ का आयोजन होना है। इसमें बिहार में केवल दो जगहों में से एक सीएम साइंस कॉलेज को इस ‘विज्ञान सप्ताह’ के आयोजन के लिए चयन हुआ है। सीएम साइंस कॉलेज को विज्ञान सप्ताह की जिम्मेदारी देने के लिए मैं भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार कार्यालय एवं विज्ञान प्रसार के प्रति आभार व्यक्त करता हूं। बिहार के केवल दो जगहों में से इस कार्यक्रम के लिए सीएम साइंस कॉलेज का चयन करना कॉलेज के लिए बड़ी उपलब्धि है।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मन्त्रालय के स्वायत्त संस्थान विज्ञान प्रसार द्वारा संचालित ‘इंडिया साइंस’ चैनल के संपादक मानवर्धन कंठ ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि 75 वर्ष की उपलब्धियों का जश्न ‘विज्ञान सर्वत्र पूज्यते’ के माध्यम से मनाने का निर्णय भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार कार्यालय और संस्कृति मंत्रालय के नेतृत्व में लिया गया है। विज्ञान सप्ताह को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, जैव प्रौद्योगिकी विभाग, वैज्ञानिक व औद्योगिक अनुसंधान परिषद, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय, परमाणु ऊर्जा विभाग, अंतरिक्ष विभाग, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद, अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद और रक्षा अनुसंधान व विकास संगठन की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित की जा रही है। विज्ञान के इस महा आयोजन के समन्वय की ज़िम्मेदारी विज्ञान व प्रौद्योगिकी विभाग के स्वायत्त संगठन विज्ञान प्रसार को सौंपी गई है। आज़ादी के 75 वर्षों की वैज्ञानिक यात्रा को यादगार बनाने और भविष्य के दृष्टिकोण को प्रदर्शित करने का यह प्रयास मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे भारत सरकार की दूरदर्शी सोच को बल देगा। मानवर्धन कंठ ने कहा कि विज्ञान सप्ताह के माध्यम से नई पीढ़ी को आधुनिक विज्ञान के संस्थापकों के राष्ट्र निर्माण में योगदान और उपलब्धियों से परिचित कराना है। ‘विज्ञान सर्वत्र पूज्यते’ के तहत चार प्रमुख विषयों के अंतर्गदेश भर में 75 स्थानों पर एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान एक मेगा एक्सो और पुस्तक मेले का भी आयोजन होगा। 23 फरवरी को विज्ञान और प्रौद्योगिकी इतिहास से 75 बिंदुओं पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसका उद्देश्य है आधुनिक विज्ञान के संस्थापकों के राष्ट्र निर्माण में योगदान और उपलब्धियों से परिचित कराना है। 24 फ़रवरी को आधुनिक विज्ञान और प्रौद्योगिकी की 75 महत्वपूर्ण उपलब्धियों के तहत ऐसी प्रमुख खोज, नवाचार या आविष्कार को याद किया जाएगा, जिसने वैश्विक विज्ञान या भारत के विकास में अपनी छाप छोड़ी है। 25 फ़रवरी को स्वदेशी और परंपरागत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की 75 नवाचार और आविष्कार विषय के अंतर्गत भारत की आत्मनिर्भरता में सहयोग करने वाले पारंपरिक ज्ञान प्रणाली के आविष्कार या तकनीक पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 26 फ़रवरी को बदलते भारत के अधीन फ़िल्म, रंगमंच और साहित्य से जुड़े 75 विभिन्न कार्यक्रमों का 75 स्थानों पर आयोजन किया जाएगा। 27 फ़रवरी को दि रोड अहेड- भारतीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के अगले 25 वर्ष के तहत कार्यक्रमों का आयोजन होगा। 28 फ़रवरी को इस विज्ञान सप्ताह का समापन जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम नई दिल्ली में ग्रैंड फ़िनाले के साथ किया जाएगा। ‘विज्ञान सर्वत्र पूज्यते’ के तहत सप्ताह भर चलने वाले 75 कार्यक्रमों में प्रदर्शनी, व्याख्यान, फ़िल्म, रेडियो टॉक, साहित्य सम्मेलन, पुस्तक मेला, पोस्टर जैसी प्रदर्शन और गतिविधियां होंगी साथ ही 75 पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। साथ कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाण-पत्र दिये जायेंगे।
मानवर्धन कंठ ने कहा कि स्कोप फ़ॉर ऑल के तहत राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का भी आयोजन होगा। इसमें भारत की वैज्ञानिक विरासत, प्रौद्योगिकी कौशल को प्रदर्शित करने के साथ ही रक्षा, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य, कृषि, खगोल विज्ञान और अन्य क्षेत्रों में अभिनव समाधान खोजने की दिशा में एक प्रयास होगा। मानवर्धन ने कहा कि विज्ञान व प्रौद्योगिकी विभाग के स्वायत्त संगठन विज्ञान प्रसार ने हर समुदाय तक विज्ञान का संचार करने के उद्द्श्य से साइंस कम्यूनिकेशन, पापुलराइज़ेशन एंड इट्स एक्सेंशन यानी स्कोप फ़ॉर ऑल की शुरूआत की है। अमृत महोत्सव के तहत मनाए जा रहे ‘विज्ञान सर्वत्र पूज्यते’ में भी स्कोप फ़ॉर ऑल फेस्टिवल का आयोजन होना है, जिसमें आयोजित की जा रही राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कोई भी छात्र-छात्राएं शामिल हो सकते हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में विज्ञान सप्ताह के संयोजक डॉ. सुजीत कुमार चौधरी व अन्य शिक्षक-कर्मी मौजूद थे।

Check Also

• आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित… 

🔊 Listen to this   • आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की …