मिथिला विभूति पर्व के स्वर्ण जयंती वर्ष समारोह को यादगार बनाने में जुटा विद्यापति सेवा संस्थान
मंत्री संजय कुमार झा बनाए गए स्वागताध्यक्ष
मिथिला क्षेत्र के सभी मंत्री, सांसद, विधायक एवं लनामिवि के कुलपति संरक्षक समिति में किए गए शामिल

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं अन्य गणमान्य हस्तियों को किया जाएगा आमंत्रित
महाकवि कोकिल विद्यापति के महाप्रयाण दिवस के उपलक्ष में विद्यापति सेवा संस्थान के तत्वावधान में प्रतिवर्ष मनाए जाने वाले तीन दिवसीय मिथिला विभूति समारोह की तैयारी संस्थान ने अभी से ही शुरू कर दी है. इस वर्ष यह समारोह आगामी 6, 7 एवं 8 नवंबर को आयोजित किया जाएगा. इस साल आयोजित होने वाले समारोह की खास बात यह होगी कि इस वर्ष यह समारोह अपने स्वर्ण जयंती वर्ष में प्रवेश कर रहा है और इस लिहाज से संस्थान इस साल के कार्यक्रम को यादगार स्वरूप देना चाहता है. जानकारी देते हुए विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने बताया कि इस वर्ष यह कार्यक्रम राज मैदान के ऐतिहासिक इन्द्र भवन के अहाते में आयोजित किया जाएगा और इस कार्यक्रम का स्वागताध्यक्ष सर्वसम्मति से बिहार सरकार के जल संसाधन, सूचना व जनसंपर्क मंत्री संजय कुमार झा को बनाया गया है.
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के लिए उन्होंने बुधवार को मंत्री के पटना स्थित आवास पर मुलाकात की. इस मुलाकात में निर्णय लिया गया कि मिथिला की इस सांस्कृतिक एवं साहित्यिक महाकुंभ में शिरकत करने के लिए विशेष रूप से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं बिहार के मुख्यमंत्री सहित अनेक नामचीन हस्तियों को आमंत्रित करने के साथ ही कार्यक्रम स्थल को मिथिला की सांस्कृतिक विरासत के प्रदर्शन के साथ सजाया जाएगा. ताकि इस बहाने मिथिला के गौरवशाली इतिहास के प्रदर्शन के साथ-साथ इसके संरक्षण एवं संवर्धन का मार्ग भी प्रशस्त हो सके. इस क्रम में उन्होंने बुधवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री डा सीपी ठाकुर से भी मुलाकात की और उन्होंने भी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया.
डा बैजू ने बताया कि स्वर्ण जयंती वर्ष समारोह की संरक्षक समिति में मिथिला क्षेत्र के सभी मंत्रियों, सांसदों एवं विधायकों सहित अन्य क्षेत्र के गणमान्य हस्तियों के साथ ही ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो सुरेंद्र प्रताप सिंह को विशेष रूप से शामिल किया गया है. ताकि स्वर्ण जयंती वर्ष समारोह को ऐतिहासिक एवं गौरवशाली स्वरूप प्रदान किया जा सके. इस दौरान केवटी के विधायक डॉ मुरारी मोहन झा, समाजसेवी शंकर झा, डॉ गणेश कांत झा एवं विपिन सिंह आदि भी उनके साथ थे.
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal