पीजी के छात्रों के लिए सीएम साइंस कॉलेज में इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित

सीएम साइंस कॉलेज में नामांकन लेना किसी छात्र के लिए गौरवान्वित करने वाला होता है। क्योंकि इस महाविद्यालय की न सिर्फ प्रदेश में, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी खास प्रसिद्धि रही है। उक्त बातें डबल्यूआईटी के निदेशक प्रो बीएस झा ने सीएम साइंस कॉलेज में मंगलवार को आयोजित पीजी पाठ्यक्रम में नामांकित छात्र- छात्राओं के दीक्षारंभ कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए कही। उन्होंने छात्रों को पाठ्यक्रम की बारीकियाँ समझाते कहा कि हमारा बेहतर भविष्य हमारी दूरदर्शिता तथा कर्मों पर निर्भर है। हमें आशावान रहते हुए पूरे आत्मबल एवं विश्वास के साथ अपना कार्य करना चाहिए। छात्र अपने शैक्षणिक ज्ञान को जीवन में व्यावहारिक रूप से उतारकर अपने भविष्य को निखारें, क्योंकि आज दुनिया युवाओं की मुट्ठी में है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाचार्य प्रो दिलीप कुमार चौधरी ने महाविद्यालय में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी देते कहा कि इस महाविद्यालय में योग्य शिक्षकों की कमी नहीं है, उनके मार्गदर्शन में छात्र अपना स्वर्णिम भविष्य आसानी से बना सकते हैं, क्योंकि यहां से विज्ञान में ज्ञान की धाराएं प्रवाहित होती रही हैं। यहां के छात्र छात्राएं देश विदेश में कीर्तिमान स्थापित करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा सफल होना नहीं, बल्कि सार्थक सफलता अधिक महत्वपूर्ण है। छात्र सिर्फ किताबों से ही नहीं, बल्कि दूसरों के अनुभवों से भी ज्ञान प्राप्त करें। वे अपने को सीमा में न बांधे, बल्कि हमेशा बड़ा लक्ष्य रखें और अपने पथ से दिग्भ्रमित न हो। अपने परिश्रम तथा एकाग्रता द्वारा वे सफलता को प्राप्त कर सकते हैं।
धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भौतिकी विभागाध्यक्ष डा उमेश कुमार दास ने कहा कि सीएम साइंस कॉलेज छात्रों के लिए गुरुकुल के आश्रम समान है, जहां छात्र फूलों की तरह सदा खिलते रहते हैं। उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों के साथ साथ महाविद्यालय के शिक्षकों के बारे में विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में नवागंतुक छात्र छात्राओं के साथ सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी उपस्थित थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal