समाजसेवी शिक्षाकर्मी दिनेश मिश्र का निधन, शोक की लहर

सांसद, विधायक व विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव के साथ सैकड़ों लोगों ने नम आँखों से दी अंतिम विदाई
पाली घनश्यामपुर के वासी, इंटरनेशनल मिथिला पब्लिक स्कूल के संस्थापक एवं मिथिला मैथिली आन्दोलन के स्वनामधन्य अभियानी दिनेश मिश्र का सोमवार को पटना में इलाज के दौरान निधन हो गया. मंगलवार को दरभंगा के सांसद डा गोपाल जी ठाकुर, अलीनगर के विधायक डा मिश्री लाल यादव व विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव के साथ सैकड़ों लोगों ने नम आँखों से दिवंगत को अंतिम विदाई दी. मौके पर विद्यापति सेवा संस्थान के आजीवन सदस्य रहे दिवंगत दिनेश के निधन पर शोक जताते हुए संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने उनके निधन को मिथिला-मैथिली एवं शैक्षणिक जगत के लिए अपूर्णीय क्षति बताते कहा कि उनका जाना शिक्षा जगत के किसी ध्रुवतारा के टूटने के समान है. उन्होंने कहा कि स्वाभिमान और विश्वास की पहचान से गहरा नाता रखने वाले एक मातृभाषा व मातृभूमि के विकास के प्रति समर्पित शिक्षाप्रेमी के रूप में उनकी कमी हमेशा खलेगी।
सांसद डा गोपाल जी ठाकुर ने उनके निधन को मिथिला के शैक्षणिक एवं सामाजिक जगत के लिए अपूर्णीय क्षति बताया। विधायक डा मिश्री लाल यादव ने कहा कि मृदुभाषी, लगनशील एवं अनुशासन प्रिय व्यक्तित्व के रूप में वे हमेशा जीवंत बने रहेंगे. प्रो जीवकांत मिश्र ने कहा कि एक शोधप्रज्ञ शिक्षक एवं मातृभाषा अनुरागी के रूप में वे हमेशा याद किए जाएंगे.
वरिष्ठ साहित्यकार मणिकांत झा ने कहा कि उनके निधन से अभिभावक की तरह आत्मीय संवाद करने वाला शख्सियत हमसे हमेशा के लिए जुदा हो गया। उनके निधन पर मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं कमला कांत झा, महात्मा गांधी शिक्षण संस्थान के चेयरमैन हीरा कमार झा, डॉ महेंद्र नारायण राम, प्रो विजयकांत झा, विनोद कुमार झा, प्रवीण कुमार झा, प्रो चंद्रशेखर झा बूढाभाई, डॉ गणेश कांत झा, आशीष चौधरी, चंदन सिंह, चौधरी फूल कुमार राय, नवल किशोर झा, डाॅ सुषमा झा, मिथिलेश चौधरी, दुर्गानंद झा आदि ने भी शोक संवेदना जताई.
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal