राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी को लेकर विभिन्न विभागों के साथ की गयी समीक्षा बैठक डी.एल.एस.ए ने अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन करने का दिया निर्देश

दरभंगा. जिला विधिक सेवा प्राधिकार के मिटिंग हॉल में अपर जिला सत्र न्यायाधीश-सह-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार जावेद आलम की अध्यक्षता में 14 मई 2022 (शनिवार) को आयोजित होने वाली द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गयी।
बैठक को सम्बोधित करते हुए उन्होंने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन कर प्राधिकार को सौपने को कहा गया, जिससे प्राधिकार द्वारा सही समय पर नोटिस निर्गत करते हुए उसका तामिला करा सके। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा इसमें पूर्ण सहयोग करने और राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए अधिक से अधिक मामलों को निस्तारण कराने की बात कही गयी।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा के तत्वावधान में 14 मई 2022 (शनिवार) को पूर्वाह्न 10ः30 बजे से व्यवहार न्यायालय दरभंगा, बेनीपुर, बिरौल के परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें विभिन्न मुकदमा पूर्व एवं लंबित वाद यथा – शमनीय (कम्पाउंडेबल) आपराधिक वाद, एन. आई. एक्ट धारा 138 वाद, बैंक ऋण वसूली वाद, मोटर दुर्घटना दावा वाद, श्रम विवाद, विद्युत तथा पानी बिल संबंधी विवाद, वैवाहिक विवाद, भूमि अधिग्रहण वाद, सेवा संबंधी (वेतन, भत्ता एवं सेवानिवृत्ति लाभ), राजस्व मामले (जिला न्यायालय में लंबित) एवं अन्य दीवानी मामले यथा (किराया, सुखाधिकार, निषेधाज्ञा वाद, संविदा के विनिर्दिष्ट पालन हेतु वाद), बी.एस.एन.एल, ग्राम कचहरी में लंबित वाद इत्यादि से संबंधित वाद का निष्पादन आपसी सुलह के आधार पर तत्काल किया जाएगा। इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठावें।
इच्छुक पक्षकार एवं विद्वान अधिवक्ताओं से अनुरोध है कि अपने अधिक से अधिक शमनीय वादों के निष्पादन हेतु संबंधित न्यायालय, संबंधित पंचायत के ग्राम कचहरी से अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकार दरभंगा से सम्पर्क कर सकते हैं।
इसके लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार, व्यवहार न्यायालय, दरभंगा के टॉल फ्री हेल्पलाइन 15100 पर सम्पर्क किया जा सकता है। विशेष जानकारी हेतु फोन नंबर 06272-240113 तथा राष्ट्रीय लोक अदालत/विधिक सहायता से संबंधित किसी प्रकार की सहायता/जानकारी हेतु bslsalokadalat@gmail.com पर भी सम्पर्क कर सकते हैं।
उक्त बैठक में वन प्रमण्डल पदाधिकारी, दरभंगा, नगर आयुक्त, दरभंगा नगर निगम, श्रम अधीक्षक, दरभंगा, अधीक्षक, माप-तौल, दरभंगा, कार्यपालक अभियंता, विद्युत ग्रामीण/बेनीपुर, लेखा पदाधिकारी, बी.एस.एन.एल व अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal