कोरोना काल में मानव सेवा में नर्सों का योगदान अतुलनीय- डॉ केएन मिश्रा
-दरभंगा मेडिकल कॉलेज में मनाया गया इंटरनेशनल नर्सिंग डे

दरभंगा डीएमसी बीएससी नर्सिंग कॉलेज की ओर से दरभंगा मेडिकल कॉलेज के सभागार में फ्लोरेंस नाइटेंगल के जन्मदिन को धूमधाम से इंटरनेशनल नर्सिंग डे के रूप में मनाया गया। अधीक्षक डॉ हरिशंकर मिश्रा व जीएनएम स्कूल में प्राचार्या सुधा कुमारी की उपस्थिति में प्रथम वर्ष की जीएनएम छात्राओं को कैपिंग के बाद मानव सेवा की शपथ दिलाई गयी। मौके पर दरभंगा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ केएन मिश्रा ने कहा कि क्रीमिया की युद्ध में घायल सैनिकों की सेवा से फ्लोरेंस नाइटेंगल ‘लेडी विद लैंप’ बन गई। इन्होंने मॉडर्न नर्सिंग की नीव डाली। 12 मई 1820 में फ्लोरेंस नाइटेंगल का जन्म हुआ, जिसे आज पूरा विश्व इंटरनेशनल नर्सिंग डे के रूप में मनाता है। सभी को उनकी सेवा भावना से प्रेरणा लेकर पीड़ित मरीजों की सेवा में अपना तन मन धन सब निछावर करना चाहिए। बताया कि मानवता की सेवा से बढ़कर कुछ भी नहीं है। नर्स दिन रात मरीजों के सेवा में लगी रहती हैं। कोरोना काल में उनका योगदान कोई भूल नहीं सकता।
मानवता की सेवा में समर्पित करने की आवश्यकता:
सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अधीक्षक डॉ हरिशंकर मिश्रा ने कहा कि नर्सिंग को सिर्फ आजीविका का आधार न बनाकर पूरी तरह से मानवता की सेवा में समर्पित करने की आवश्यकता है। आज ऐसे प्राइवेट नर्सिंग स्कूल और कॉलेजों की बाढ़ आ गई है जहां पर सिर्फ सर्टिफिकेट के लिए नर्सिंग की पढ़ाई हो रही है। दरभंगा मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लेने वाले नर्सिंग छात्र-छात्राओं का यह सौभाग्य है कि वे भारत के प्राचीन मेडिकल कॉलेज से जुड़े स्कूल और कॉलेज में प्रवेश ले रहे हैं, जिन्होंने सेवा के उच्चतम मानदंड स्थापित किए हैं। वर्तमान छात्रों को भी सेवा के इन्ही उच्चतम मानदंडों को कायम रखना है। डॉ ओम प्रकाश ने कहा कि फ्लोरेंस नाइटेंगल ने नर्सिंग की आधारभूत चीजें जैसी हाइजीन एवं स्टैटिसटिक्स को स्थापित किया। उनके लिखे “नर्सिंग नोट्स: नर्सों को क्या करना और क्या ना करना चाहिए” आज भी प्रासंगिक हैं। कार्यक्रम के प्रारंभ में नर्सिंग कॉलेज की प्रभारी प्राचार्य भवानी भारती ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कॉलेज की अन्य शिक्षिकाओं के साथ सभी छात्रों की लैंप लाइटिंग और ओथ शिरोमणि संपन्न कराया। इस अवसर पर कॉलेज की शिक्षिकाओं एवं छात्र- छात्राओं के द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal