राजीव गांधी की 31वीं पुण्यतिथि पर विद्यापति सेवा संस्थान ने किया भावपूर्ण नमन

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 31वीं पुण्यतिथि पर विद्यापति सेवा संस्थान ने उन्हें भावपूर्ण नमन किया. मौके पर महासचिव डा बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते कहा कि वे पंचायती राज व सूचना क्रांति के जनक होने के साथ साथ आधुनिक भारत के निर्माता थे. देश को एकता और भाईचारे के सूत्र में बाँधने का उनका प्रयास सदैव अनुकरणीय बना रहेगा.
मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं कमलाकान्त झा ने कहा कि आधुनिक सोच एवं निर्णय लेने की दृढ़ इच्छाशक्ति से इक्कीसवीं सदी के सशक्त भारत की नींव रखने वाले पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी अपने व्यक्तित्व एवं कृतित्व में हमेशा जीवंत रहेंगे. डा बुचरू पासवान ने देश के लिए राजीव गांधी के योगदान का उल्लेख करते कहा कि वे भारत में कंप्यूटर और दूरसंचार क्रांति की नींव रखने वाले, 21वीं सदी के आधुनिक भारत के महान शिल्पी थे.
प्रवीण कुमार झा ने कहा कि भारत के विकास में राजीव गांधी के अभूतपूर्व योगदान को भूलाया नहीं जा सकता. उन्होंने भारत में पंचायती राज व्यवस्था को शक्ति प्रदान करने के साथ ही ऊर्जा के क्षेत्र में अक्षय ऊर्जा योजना की शुरुआत कर एक नई क्रांति लाने का काम किया था. दुर्गानंद झा ने कहा कि देश की विदेश नीति को उन्होंने मजबूती प्रदान करने के साथ ही युवाओं को शक्ति प्रदान करते हुए मतदान की आयु सीमा को 21 से घटाकर 18 वर्ष करने का उन्होंने अभूतपूर्व काम किया. डा.महेंद्र नारायण राम, प्रो विजय कांत झा, विनोद कुमार झा, प्रो चंद्रशेखर झा बूढ़ा भाई, डा गणेश कांत झा, डा उदय कांत मिश्र, आशीष चौधरी, पुरूषोत्तम वत्स, नवल किशोर झा आदि ने भी दिवंगत नेता को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की.
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal