मुजफ्फरपुर : समय से नाला निर्माण नहीं पूरा करने पर होगी एफआईआर ; डीएम प्रणव कुमार ने दी सख्त हिदायत

मुजफ्फरपुर शहर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए जगह-जगह नाला निर्माण के नाम पर खोदे गए गड्ढों से आए दिन हो रहे हादसे और भयंकर जाम लगने की स्थिति पैदा होने पर जिलाधिकारी प्रणव कुमार ने सख्त कदम उठाया है। समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में नाला निर्माण के लिए डीएम ने डेड लाइन तय कर दी है। डीएम ने चेतावनी दी है कि कलमबाग रोड में हर हाल में 25 मई तक नाला निर्माण का कार्य पूरा करें। बैरिया से स्टेशन और मोतीझील से हरिसभा चौक तक नाला निर्माण का कार्य 27 मई तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी ने सख्ती के साथ कहा कि निर्धारित अवधि तक यदि नाले का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं किया जाता है तो संबंधित निर्माण एजेंसी पर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी और इस विलंब के लिए जिम्मेदार प्रतिनिधि को जेल भी भेजा जाएगा।
गौरतलब है कि नाला निर्माण को लेकर खोदे गए गड्ढों में गिरकर आए दिन आम राहगीर जख्मी हो रहे हैं। इस समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने स्मार्ट सिटी के अधिकारियों एवं कार्य एजेंसी को कड़ी फटकार लगाई। डीएम ने कहा कि सारे शहर को खोदकर छोड़ दिया गया है। रोज़ शहरवासी परेशानी और फजीहत झेल रहे हैं।कार्य एजेंसी ने पिछली बरसात का हवाला दिया। इसपर डीएम ने कहा कि एक साल बीत चुके हैं। उन्होंने कार्य एजेंसी को कार्यबल बढ़ाकर ससमय कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।ससमय कार्य पूरा नहीं करने वाले पर एफआईआर दर्ज कर जेल भेजने की भी कार्रवाई की जाएगी।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal