Breaking News

Darbhanga विद्यापति सेवा संस्थान के तत्वावधान में मिथिला की बेटी माला झा का अभिनंदन

विद्यापति सेवा संस्थान के तत्वावधान में मिथिला की बेटी माला झा का अभिनंदन

शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रजेश झा को मिला मिथिला रत्न सम्मान

मिथिला और मैथिली की प्रगति मिथिला वासी और प्रवासी मैथिल दिलोजान से चाहते हैं और वे इसके लिए निरंतर प्रयासरत भी हैं। बावजूद इसके अभी भी यह आशातीत सफलता से वंचित है। क्योंकि हम लोग अपनी अपनी क्षमता के अनुसार अलग-अलग भले ही क्रियाशील हों, सभी का एक साथ एक मंच पर आकर इसके लिए सामूहिक प्रयास किया जाना समय की मांग है। हम यदि टुकड़ों में यूं ही बंटे रहेंगे तो न तो मिथिला का सर्वांगीण विकास हो सकेगा बल्कि हमारी मातृभाषा मैथिली भी समुचित विकास के लिए लालायित भर रहेगी। यह बात बृहस्पतिवार की देर शाम अमेरिका से दरभंगा पधारी मिथिला की बेटी माला झा ने विद्यापति सेवा संस्थान के तत्वावधान में एमएलएसएम कॉलेज के सभागार में उनके सम्मान में आयोजित अभिनंदन समारोह में कहीं।
२०वें अंतरराष्ट्रीय मैथिली सम्मेलन के अमेरिका में आयोजन की सूत्रधार अमेरिका स्थित भारत मीडिया की ग्लोबल हेड एग्जीक्यूटिव सह जर्मनी स्थित अंतरराष्ट्रीय मैथिल डैशपोरा की माडरेटर माला झा ने कहा कि अमेरिका में अंतरराष्ट्रीय मैथिली सम्मेलन के आयोजन के माध्यम से वह मिथिला वासी और प्रवासी मैथिल को एक सूत्र में बांधना चाहती हैं। ताकि समय की मांग के हिसाब से मिथिला और मैथिली का उत्तरोत्तर विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने सभी लोगों को इस समारोह में आने का न्योता देते कहा कि इससे न सिर्फ मिथिला वासी, अप्रवासी और प्रवासी मैथिल एक मंच पर आकर अपनी मातृभूमि और मातृभाषा के विकास के लिए संकल्पित हो सकेंगे बल्कि भारत अमेरिका संबंध के नए अध्याय की भी शुरुआत हो सकेगी।
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए बंगलुरु स्थित एडुवर्ल्ड गाइड के संस्थापक सह भारतीय प्रवासी परिषद के अध्यक्ष प्रजेश कुमार झा को मिथिला रत्न सम्मान प्रदान किया गया। विदित हो कि उन्हें यह सम्मान श्रीअयोध्या धाम में 22-23 दिसंबर 2021 को आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में प्रदान किया जाना था, लेकिन किसी अपरिहार्य कारण से वे तब इसमें शामिल नहीं हो सके थे। सम्मान पाने के बाद उद्गार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वे मिथिला और मैथिली के विकास के लिए एक सिपाही की तरह हमेशा तैयार रहे हैं और आगे भी रहेंगे।
अभिनंदन समारोह में स्वागत उद्गार व्यक्त करते हुए विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डा बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने कहा कि यह अत्यंत गौरव का विषय है कि आज मिथिला व मैथिली के विकास के लिए इसका बेटा और बेटी दोनों एक साथ लगे हैं। उन्होंने मातृभाषा वह मातृभूमि के समुचित विकास के लिए सभी से एक मंच पर आकर आगे की लड़ाई जारी रखने का आह्वान किया। मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं कमलाकांत झा ने माला झा को मिथिला की नारी शक्ति का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनसे करोड़ों मैथिली भाषी लोगों के उम्मीद की किरण जुड़ी हुई है।
एमएलएसएम कॉलेज की प्रधानाचार्य डा मंजू चतुर्वेदी की अध्यक्षता में आयोजित अभिनंदन समारोह में डा श्रीशंकर झा, हरिश्चंद्र हरित, स्वर्णिम किरण प्रेरणा,चंदन ठाकुर, प्रवीण कुमार झा, डा अमलेंदु शेखर पाठक आदि ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन डा सुषमा झा ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो चंद्रशेखर झा बूढ़ाभाई ने किया। पं सोमेश्वर नाथ झा दधीचि के वेदोच्चारण से शुरू हुए समारोह में डा ममता ठाकुर ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया। जबकि रामसेवक ठाकुर ने स्वागत गीत की भावप्रवण प्रस्तुति दी। वरिष्ठ गायक सुधाकांत झा ने कवि रविंद्र नाथ ठाकुर की रचनाओं को सस्वर सुनाकर सभी का मन मोह लिया।
———+
20वें अंतरराष्ट्रीय मैथिली सम्मेलन में भाग लेने के लिए कुलपति को दिया न्यौता
———
अभिनंदन समारोह के उपरांत माला झा ने 20वें अंतरराष्ट्रीय मैथिली सम्मेलन में भाग लेने के लिए ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो सुरेंद्र प्रताप सिंह व कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो शशि नाथ झा से मिलकर कार्यक्रम में आने का न्योता दिया। इस दौरान विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू, मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं कमलाकांत झा, प्रवीण कुमार झा, प्रजेश कुमार झा, नवल किशोर झा, डॉ सुषमा झा, डॉ ममता ठाकुर, स्वर्णिम किरण झा, प्रो चंद्रशेखर झा बूढ़ाभाई आदि उनके साथ थे।

Check Also

• आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित… 

🔊 Listen to this   • आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की …