
डीएम ने किया भूमि-विवाद निष्पादन, अनुश्रवण हेतु निर्मित”भू-समाधान” पोर्टल के माध्यम से प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
दरभंगा समाहरणालय अवस्थित दरभंगा एन.आई.सी. से जिलाधिकारी दरभंगा श्री राजीव रौशन के कर कमलों से भूमि विवाद निष्पादन, अनुश्रवण हेतु निर्मित ”भू-समाधान” पोर्टल के माध्यम से प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इस समाधान पोर्टल को विकसित करने का उद्देश्य यही है कि भूमि-विवाद के मामले का हम तीव्रता से समाधान कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शनिवार को अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष के द्वारा संयुक्त रूप से थाना पर सुनवाई की जाती है एवं भूमि विवाद मामले का निष्पादन किया जाता है।
उन्होंने कहा कि इस पोर्टल के लिए अपर मुख्य सचिव गृह विभाग, जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता सभी को लॉगइन यूजर आईडी पासवर्ड की व्यवस्था की गई है, जिससे मामलों का अनुश्रवण की जा सकती है, इससे विवाद कम हो सकता है।
उन्होंने कहा कि जो अपराध बढ़ रहे हैं उनसे निजात पाया जा सकता है, जो भी संबंधित थाना प्रभारी हैं, उन्हें भी अपने थाने से संबंधित मामले के संदर्भ में उनकी स्पष्ट राय रहे, स्पष्ट समझ रहे कि अगर भूमि पर कोई विवाद हो रहा है और भूमि विवाद की समाधान की आवश्यकता है, तो उस विवाद की प्रकृति क्या है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष को भूमि विवाद निष्पादन हेतु नियमित बैठक करते रहने के निर्देश दिए साथ ही किस थाने में कितनी बैठक की गई उसका प्रतिवेदन भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस पोर्टल के संबंध में जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी राजीव कुमार झा के द्वारा विस्तारपूर्वक हर पहलू पर प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने बताया कि वादी, प्रतिवादी एवं भूमि विवाद का ब्यौरा तथा उससे संबंधित साक्ष्य के साथ थाना प्रभारी व अंचलाधिकारी का मंतव्य एवं प्रतिवेदन किस प्रकार पोर्टल पर प्रविष्टि/ अपलोड किया जाएगा। बैठक में जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी राजीव कुमार झा, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृष्णनंदन कुमार, जिला आई टी प्रबंधक संजय कुमार सहनी एवं संबंधित पदाधिकारी गण उपस्थित थे।
साथ ही तीनों अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि उप समाहर्ता, सभी अंचलाधिकारी व सभी थाना प्रभारी ऑनलाइन जुड़े हुए थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal