सीएम साइंस कॉलेज में छात्रों ने अर्जुन का पौधा लगाया.

सीएम साइंस कालेज में बुधवार को वनस्पति विज्ञान विभाग के छात्रों ने अर्जुन का पौधा लगाकर पर्यावरण की सुरक्षा के लिए औषधीय पौधों के संरक्षण व संवर्धन का संदेश दिया। वनस्पति विज्ञान विभाग के तत्वावधान में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में प्रधानाचार्य प्रो दिलीप कुमार चौधरी ने कहा कि किसी एक व्यक्ति या संस्था मात्र के पौधे लगाने से कुछ नहीं होगा। जब तक हम सभी मिलकर पौधा नहीं लगाएंगे और उसके देखरेख की जिम्मेदारी नहीं लेंगे, पर्यावरण का संरक्षण और संवर्धन नाकाफी होगा। उन्होंने छात्रों से अपने गांव, शहर व पंचायत के अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक करने की सलाह दी।
मौके पर वनस्पति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा दिलीप कुमार झा ने छात्रों द्वारा महाविद्यालय परिसर में लगाये गये अर्जुन के पौधे की विशेषता के बारे में बताते कहा कि अर्जुन भारत में पाया जाने वाला एक गुणकारी औषधीय वृक्ष है, जिसका इस्तेमाल आयुर्वेदिक उपचारों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इसके पेड़़ में कई सारे औषधीय गुण पाये जाते हैं। यही कारण है कि आयुर्वेदिक दवाइयों के निर्माण में अर्जुन के पत्ते, छाल, जड़ इत्यादि का भरपूर इस्तेमाल किया जाता है। कार्यक्रम में विभाग के छात्र-छात्राओं के साथ डा खालिद अनवर की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal