संयुक्त राष्ट्र संघ 2029 तक विश्व राष्ट्र संघ बनेगा: जावैद अब्दुल्लाह
विश्व सरकार के गठन एवं विश्व नागरिकता के लिये निकाला गया ऐतिहासिक मार्च

डब्लू.एन.डी. (वर्ल्ड नेचुरल डेमोक्रेसी) साथ ही जनघट फाउंडेशन पटना एवं सहोदय ट्रस्ट गया, के सहयोग से संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित ‘नेल्सन मंडेला डिकेड ऑफ़ पीस 2019-2028 की अवधि के अवसर पर 20 दिसम्बर 2019 को सुबह 9:45 बजे चौरंगी, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर से भव्य रूप में विश्व सरकार एवं विश्व नागरिकता के लिये एक ऐतिहासिक पीस मार्च निकाला गया. इस मार्च में डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, सारामोहनपुर के छात्र/छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया. अन्य संस्थानों से भाग लेने वालों में ल.ना.मि.वि. के पी.जी. कोसी छात्रावास, आई.सी.ए., एडू स्किल्स बेंता, अपैक्स इंस्टिट्यूट ख़ान चौक एवं के. एस. कॉलेज रोड अवस्थित सिग्मा स्कूल ऑफ़ फ़िज़िक्स के विद्यार्थीगण भी शामिल हुये. कार्यक्रम की शुरुआत गणमान अतिथियों की उपस्थति में डब्लू.एन.डी. द्वारा ‘डिकेड ऑफ़ वर्ल्ड गवर्नमेंट वर्ल्ड सिटीज़नशिप 2020-2029’ के स्थापना की घोषणा बैनर के अनवरण द्वारा की गयी. मार्च के निदेशक एवं लेखक जावैद अब्दुल्लाह ने अपने सन्देश में डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल की प्राचार्या सविता साहिबा को धन्यवाद कहा. अपने सन्देश में उम्मीद जताते हुये कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ 2029 तक विश्व राष्ट्र संघ बनेगा और वर्ल्ड फ़ेडरेशन की स्थापना में महत्वपूर्ण योगदान निभाएगा. आज मनाव-सभ्यता ही नहीं बल्कि इस पूरे ग्रह को विनाशकारी परिणामों से सुरक्षित रखने के लिये वैश्विक राज्य की कल्पना महान जर्मन दार्शनिक इमेनुअल कांट की 1795 में प्रकाशित किताब ‘पर्पेचुअल पीस’ (Perpetual Peace) में देखा जा सकता है. अतः राज्य के सामाजिक समझौते सिद्धांत को ‘प्लेनेटरी/यूनिवर्सल सोशल कॉन्ट्रैक्ट’ की तरफ़ बढ़ने की ज़रुरत है. इस कार्यक्रम के संयोजक सामाजिक कार्यकर्त्ता फ़वाद ग़ज़ाली ने कहा कि भारत हज़ारों वर्षों से विश्व शांति का प्रतिनिधित्व करता रहा है और ऐसे ही प्रयासों से आगे भी करता रहेगा. इस अवसर पर विशिष्ठ अतिथि किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य अजीत कुमार मिश्र ने कहा कि विश्व के स्तर पर जो चिंतायें आज की परिस्थिति में पनप रही हैं, उसके उन्मूलन के लिये हमें प्रकृति की वास्तविक स्थिति को स्वीकारते हुये स्वयं को एक विश्व नागरिक की दिशा में ले जाने के लिये सोचना होगा. आज ‘जय जगत’, ‘जय वसुंधरा’ और ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ के विचारों को स्थान देने की ज़रुरत तेज़ी से महसूस हो रही है. क्योंकि विश्व के सम्पूर्ण मानव के हित की बात मानव को धकेल कर नहीं की जा सकती है. उन्होंने कहा कि वर्ल्ड नेचुरल डेमोक्रेसी, सहोदय एवं जनघट फाउंडेशन की ओर से आज की रैली का यह कारवाँ देश और दुनिया में एक बड़ी मिसाल बनकर उभरेगा. मुख्य अतिथि के रूप में ल.ना.मि.वि. के पूर्व परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशोक कुमार मेहता ने कहा कि महात्मा गाँधी को भी दिव्य जीवन की दिशा दक्षिण अफ़्रीका में मिली, जिस धरती पर नेल्सन मंडेला का जन्म हुआ. हम सभी जानते हैं कि शान्ति हम सभों की ज़रुरत है. आज दरभंगा की धरती से नेल्सन मंडेला डिकेड ऑफ़ पीस की इस रैली के माध्यम से शान्ति का यह विश्ववादी सन्देश भारत होते हुये सम्पूर्ण विश्व तक पहुँचे. अन्य अतिथियों में अमरनाथ झा ने कहा कि विश्व में जितनी भी विचारधारायें हैं वो सभी अट्ठारवीं और उन्नीसवीं सदी की हैं, और आज इक्कीसवीं शताब्दी में उन सभी आइडियोलॉजी का विध्वंस हो चुका है. वर्ल्ड नेचुरल डेमोक्रेसी द्वारा वर्ल्ड गवर्नमेंट और वर्ल्ड सिटीज़नशिप मार्च का यह सन्देश आज के समय की ज़रुरत है. इस अवसर पर अन्य अतिथि में डी.एम.सी.एच. सहायक प्राध्यापक डॉ. डी. कुमार, ल.ना.मि.वि.के सीनेट मेम्बर संतोष कुमार एवं राहुल कुमार राना मौजूद थे. सभों ने हरी झंडी दिखाकर मार्च को रवाना किया. मार्च विश्वविद्यालय परिसर से निकल कर दरभंगा किला द्वार होकर हसन चक, एम.आर. एम कॉलेज होते हुये इनकॉम टैक्स चौराहा से होकर पुनः यूनिवर्सिटी कैंपस चौरंगी पर ‘हम होंगे कामयाब’ गीत के साथ समाप्त हुआ. इस मार्च के सहयोगी रहे, डब्लू.एन.डी. सचिव एवं सहोदय संस्थापक अनिल कुमार, जनघट फाउंडेशन के सी.ई.ओ. एवं राम लखन सिंह यादव कॉलेज, बख्तियारपुर के सहायक प्राध्यापक डॉ. मोहम्मद अली, सिग्मा स्कूल ऑफ़ फ़िज़िक्स के निदेशक डॉ. बिजेंद्र मोहन. इस मार्च के मौक़े पर साजिद अब्दुल्लाह, रंजित कुमार, हरमैन अहमद, मोहन, क़िबलतैन, विक्रम कुमार राय, दानिश, दस्तगीर, प्रदीप कुमार यादव एवं बब्लू मौजूद थे. मार्च का संचालन सागर सिंह एवं डी.ए.वी. शिक्षक राहुल कुमार एवं ए.एन. झा ने किया. मार्च में डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल का प्रतिनिधित्व करते हुये निधि, नूतन, अमितोष, अमृता, ऋतुराज, राधेश टीचर्स भी उपस्थित रह कर मार्च को सफ़ल बनाया.
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal