तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ

दरभंगा तीन दिवसीय जिला स्तरीय दक्ष विद्यालय खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन संयुक्त रूप से दरभंगा नगर निगम के मेयर अंजुम आरा, डिप्टी मेयर नाजिया हसन एवं जिला खेल पदाधिकारी परिमल ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर जिला खेल संघ दरभंगा के सचिव जितेंद्र कुमार सिंह, बिहार शिक्षा परियोजना के ज्ञान प्रकाश, कजली शील, बिहार टेनिस बॉल क्रिकेट संघ के सचिव जावेद उपस्थित थे।
जिला खेल पदाधिकारी ने पुष्पगुच्छ एवं मोमेंटो प्रदान कर सभी आगत अतिथियों का स्वागत किया।बच्चों का मार्च पास्ट काफी मनमोहक रहा जिसका नेतृत्व शारीरिक शिक्षक, प्लस टू उच्च विद्यालय ज्वालामुखी कसरौर आशीष कुमार ने किया।
किलकारीकारी दरभंगा की छात्राओं ने स्वागत गान एवं देश भक्ति गीत देश रंगीला रंगीला के साथ सामूह नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में समा बांध दिया।।
इस अवसर पर जिला खो-खो संघ के सचिव रामा शंकर चौधरी, किलकारी के रमन कुमार सिंह एवं वरीय खिलाड़ी हरिमोहन चौधरी को जिला खेल पदाधिकारी एवं मंचासीन मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया। गौरतलब है कि खेल के लिए सदैव अपना समय देना इनकी विशेषता रही।
अपने स्वागत भाषण में परिमल ने जिला के तमाम प्रतिभावान खिलड़ियों, आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल के विकास हेतु यथासंभव सरकार के स्तर से सुविधाओं को मुहैया कराने हेतु हरसंभव प्रयास करता रहूंगा। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह भी बढ़ाया। हार जीत की चिंता किए बिना निरंतर अभ्यास ही अच्छा परिणाम दिलाता है। यह मंत्र खिलाड़ियों को दिया।
वहीं डिप्टी मेयर ने अपने जोरदार उदबोधन में खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें भारत की तकदीर बताया।
मेयर ने इन बच्चों में बिहार का प्रतिनिधित्व करने की क्षमता को देखते हुए अपनी ओर से खेल एवं खिलाड़ियों के लिए इस स्टेडियम के लिए यथासम्भव सहयोग करने का वचन दिया।
इस अवसर पर एथलेटिक्स की कमान आशीष कुमार, मुकेश कुमार शारीरिक शिक्षा शिक्षक उच्च विद्यालय भदहर, जंपिंग इवेंट राजेश यादव, खो-खो रमाशंकर चौधरी अरुण ठाकुर, फुटबॉल विशाल कुमार, कबड्डी अमित कुमार चौधरी, वॉलीबॉल मिहिर झा, बैडमिंटन मनोहर कुमार, सुमित कुमार सिंह, ताइक्वांडो सुरेंद्र आनंद, विक्रांत सिंह खेल को आगे बढ़ा रहे थे।
27 जनवरी का कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षक, मध्य विद्यालय औराही कुशेश्वरस्थान रविंद्र कुमार ने किया। खेल को गति देने में अनेक शिक्षकों का सहयोग मिला जिनमें संतोष कुमार शर्मा, मध्य विद्यालय लगमा ने उद्घोषणा करते हुए खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर गौराबौराम से कामेश्वर सिंह यादव, कुशेश्वरस्थान से आभा कुमारी, अनुराधा राय, संजय सत्यमूर्ति, संजीव कुमार झा, राकेश कुमार सिंह, बलदेव मेहता, रमन कुमार यादव, संजीव कुमार, राकेश कुमार नेहरा उच्च विद्यालय के शिक्षकों का बहुमूल्य योगदान रहा।
खेल का परिणाम इस प्रकार रहा-अंडर-17 व 14 खो-खो में विजेता हायाघाट, उपविजेता केवटी रहा।
अंडर-19 विजेता हायाघाट, उपविजेता हनुमान नगर रहा।
बैडमिंटन अंडर 14 बालक वर्ग में आसिफ अली एवं बालिका में सौम्या प्रथम स्थान पर रही। अंडर 17 बालक वर्ग में मोहम्मद माजिद, नवीं वर्ग में दीपाली, अंडर-19 बालक वर्ग में हर्ष मणि सिंह एवं बालिका वर्ग में भव्य ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
फुटबॉल में अंडर 14 वर्ग बालिका में बहेरी विजेता एवं तारडीह उपविजेता रहा।
अंडर 17 बालिका में विजेता हायाघाट, उपविजेता बहेरी, फुटबॉल के बालक वर्ग में अंडर 14 में टीम विजेता बहादुरपुर एवं उपविजेता हनुमान नगर, अंडर-17 बालक वर्ग विजेता जाले, उपविजेता हायाघाट, पंद्रह सौ मीटर अंडर-17 बालिका वर्ग में जनसीधा खातून मध्य विद्यालय औराही कुशेश्वरस्थान ने प्रथम स्थान, अंडर-19 में पुतुल कुमारी केएस कॉलेज प्राप्त किया। वहीं 3000 मीटर अंडर-17 में साक्षी कुमारी एवं 3000 वाकिंग में अनवरी प्रवीण प्लस टू एमजेके उच्च विद्यालय हायाघाट, 3000 मीटर अंडर-19 बालिका में माधुरी कुमारी केएस कॉलेज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वॉलीबॉल के अंडर 14 एवं 17 में विजेता दरभंगा सदर एवं उपविजेता अंडर 14 में तारडीह तथा अंडर-17 में कुशेश्वरस्थान उपविजेता रहा। अंडर-19 में विजेता दरभंगा सदर एवं उपविजेता तारडीह रहा। कबड्डी में अंडर-19 एवं 17 में विजेता दरभंगा सदर तथा उपविजेता क्रमशः बहेरी व हनुमान नगर, वहीं अंडर 14 की विजेता टीम हनुमान नगर और उपविजेता दरभंगा सदर रहा ।
जिला खेल पदाधिकारी परिमल, बबलू साहनी जिला परिषद प्रतिनिधि हनुमान नगर, संजय चौपाल जिला परिषद सदस्य दरभंगा सदर, सतीश झा, विजय कुमार भगत ने विजय प्रतिभागियों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान किया।
28 जनवरी को 10 बजे से बालक वर्ग का एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और कराटे प्रतियोगिता बालक व बालिका अंडर 14, 17 एवं 19 आयु वर्ग के बीच आयोजित होगी।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal