जानकी नवमी आज, सजा पूजा पंडाल
विद्यापति सेवा संस्थान में माँ जानकी पूजनोत्सव के साथ होगा मैथिली दिवस समारोह का भव्य आयोजन

विद्यापति सेवा संस्थान में शनिवार को धरतीपुत्री मां जानकी के प्राकट्य दिवस पर प्रात: नौ बजे से मां जानकी के आदमकद प्रतिमा की शास्त्रीय विधि से पूजा-अर्चना होगी। इसके बाद अपराह्न एक बजे नारी सशक्तिकरण शोभायात्रा श्यामा मंदिर परिसर से विद्यापति सेवा संस्थान परिसर के लिए प्रस्थान करेगी। शोभायात्रा में शहर की आम एवं खास महिलाओं के साथ सखी बहिनपा मैथिलानी समूह की महिला सदस्यों की विशेष भागीदारी रहेगी। यह जानकारी देते हुए विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डा बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने बताया कि शोभायात्रा के उपरांत संस्थान के कार्यालय परिसर में मैथिली दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की बेहद खुशी है कि विद्यापति सेवा संस्थान के तत्वावधान में जानकी नवमी उत्सव का विस्तार-अभियान निरंतर प्रगति कर रहा है और शहर से लेकर सूदूर देहात तक में माँ जानकी के प्रतिमा पूजन के साथ ही आज राष्ट्रीय स्तर पर जहां हजारों स्थान पर जानकी नवमी समारोहपूर्वक मनाने का क्रम शुरू हो चुका है। वहीं अमेरिका, जर्मनी, कैलिफोर्निया, रूस आदि देशों में भी मिथिलावासी जानकी नवमी का आयोजन कर रहे हैं।
डॉ. बैजू ने बताया कि संस्थान के तत्वावधान में आयोजित मां जानकी पूजनोत्सव-सह-मैथिली दिवस समारोह में सूबे के अनेक काबीना मंत्रियों के साथ सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर, नगर विधायक संजय सरावगी, केवटी के विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा, विधान पार्षद डा मदन मोहन झा, पूर्व विधान पार्षद प्रो दिलीप कुमार चौधरी, डा विनोद कुमार चौधरी आदि शिरकत करेंगे। जबकि संस्थान के संरक्षक द्वय ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुरेंद्र प्रताप सिंह और कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शशिनाथ झा की इस अवसर पर गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। उन्होंने जानकी पूजनोत्सव अभियान में जुटी सभी संस्थाओं को साधुवाद देते कहा कि संस्थान की ओर से इस वर्ष मिथिला के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक उन्नयन में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के यशस्वी कुलपति प्रो सुरेंद्र प्रताप सिंह को मिथिला गौरव सम्मानोपाधि प्रदान किया जाएगा। जबकि नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट अवदान के लिए सखी बहिनपा मैथिलानी समूह की संस्थापिका आरती झा को जानकी सम्मान से नवाजा जाएगा।
मां जानकी पूजनोत्सव सह मैथिली दिवस समारोह के संयोजक प्रवीण कुमार झा एवं संयोजिका डा सुषमा झा ने शिवधनुर्धारिणी मां जानकी पूजनोत्सव एवं शोभायात्रा में सभी माता-बहनों से समवेत होने का अनुरोध किया है।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal