इन्डक्शन प्रोग्राम में छात्रों ने सीखे कामयाबी के गुर
सी एम साइंस कालेज में पीजी प्रथम सेमेस्टर सत्र 2022-24 के छात्रों के लिए इन्डक्शन प्रोग्राम हुआ आयोजित

इन्डक्शन प्रोग्राम यानी दीक्षारम्भ कार्यक्रम का उद्देश्य पाठ्यक्रम में शामिल नए छात्रों को नए शैक्षणिक वातावरण में समायोजित करने और आरामदायक महसूस करने में मदद करना होता है। यह उन्हें शिक्षण संस्थान के लोकाचार और संस्कृति को विकसित करने के साथ ही उन्हें अन्य छात्रों और शिक्षकों के साथ परस्पर संबंध बनाने में मार्गदर्शन करता है। यह बातें शनिवार को सीएम साइंस कालेज में पीजी प्रथम सेमेस्टर सत्र 2022-24 के छात्रों के लिए आयोजित इन्डक्शन प्रोग्राम में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के पीजी भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ अरुण कुमार सिंह ने कही। उन्होंने सीबीसीएस के तहत निर्धारित पीजी पाठ्यक्रम के स्वरूप एवं इसे पूरा करने के बाद कैरियर संवारने के मिलने वाले अवसरों की विस्तृत जानकारी देते कहा कि यह कार्यक्रम उन्हें बड़े उद्देश्य और आत्म-अन्वेषण की भावना को उजागर करने में भी मददगार होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्रो दिलीप कुमार चौधरी ने बताया कि इस कार्यक्रम का आयोजन छात्र-छात्राओं में पढ़ाई के प्रति जागरूकता लाने के साथ-साथ उन्हें भविष्य के लिए अनुभवी मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया है।अपने संबोधन में उन्होंने महाविद्यालय के क्रिया-कलापों एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी। आगत अतिथियों एवं स्नातकोत्तर के नये सत्र में नामांकित छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए जंतु विज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ आरती कुमारी ने कहा कि आने वाला दो साल इन लोगों के लिए स्वर्णिम होगा। जब वे समाज में विषयगत सम्मान हासिल कर सकेंगे।
मौके पर उपस्थित विभिन्न विभागों के अध्यक्ष ने उपस्थित छात्रों को अपने विभाग की जानकारी देते हुए सफल होने के लिए उन्हें कठिन परिश्रम का मूल मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नए छात्र-छात्राओं को नए परिवेश से परिचित कराना है जिससे छात्र छात्राओं को यह जानकारी मिल सके कि किस प्रकार वे अपने कैरियर को संवारने के साथ देश, प्रदेश, समाज और मानवता की सेवा करते हुए अपने परिवार का नाम रोशन कर सकते हैं।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal