प्रियांशी मिश्रा ने चंडीगढ़ विश्वविद्यालय में बजाया मिथिला के नाम का डंका

चंडीगढ़ विश्वविद्यालय, पंजाब द्वारा आयोजित ‘सीयू फेस्ट 2023’ के ग्रैंड फिनाले में मिथिला की बेटी प्रियांशी मिश्रा ने क्लासिकल सोलो डांस सीक्वेंस में मैथिली पुत्र प्रदीप की कालजयी रचना ‘जगदंब अहीं अवलंब हमर, हे माय अहां बिनु आस ककर…’ पर भावपूर्ण नृत्य की दमदार प्रस्तुति के साथ विश्वविद्यालय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल कर मिथिला के नाम का डंका बजाने में कामयाबी हासिल की है। उन्होंने यह सफलता प्रसिद्ध ओडिसी नर्तक एवं सृष्टि फाउंडेशन के संस्थापक जयप्रकाश पाठक के निर्देशन में ओडिसी शैली में भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर हासिल किया है। मैथिली मंच के शीर्ष गायक पं कुंज बिहारी मिश्र के शास्त्रीय शैली में गाए इस गीत पर प्रियांशी मिश्रा के नयनाभिराम नृत्य ने जूरी के सदस्यों के साथ-साथ सभागार में बैठे विभिन्न भाषा-भाषी दर्शकों को आत्म विभोर कर दिया।
प्रियांशी मिश्रा की इस सफलता पर बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डा बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने कहा कि मिथिला के बाहर आयोजित इस प्रतियोगिता में सफलता हासिल कर प्रियांशी ने मिथिला की गौरवशाली संस्कृति और प्रतिभा का जादू एक बार फिर से राष्ट्रीय स्तर पर बिखेर दिया है। लक्ष्मीसागर निवासी रूना मिश्र एवं नवीन मिश्र की पुत्री प्रियांशी की इस कामयाबी पर मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं कमलाकांत झा, वरिष्ठ साहित्यकार मणिकांत झा, मिथिलाक्षर साक्षरता अभियान के वरीय संरक्षक प्रवीण कुमार झा, सृष्टि फाउंडेशन के संस्थापक जयप्रकाश पाठक आदि ने उन्हें बधाई दी है।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal