जिला आपदा प्रबंधन के पुस्तक का डीएम ने किया विमोचन
आपदा से बचने व आपदा के प्रभाव को कम करने में मिलेगी मदद

दरभंगा जिला आपदा प्रबंधन द्वारा वर्ष 2023 की संभावित बाढ़ के दौरान किये जाने वाले कार्य के लिए बनाई गई कार्य योजना से संबंधित पुस्तक का जिलाधिकारी दरभंगा राजीव रौशन के कर कमलों से विमोचन किया गया।
उक्त अवसर पर उप निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, जिला आपदा प्रबंधन के प्रभारी पदाधिकारी आलोक राज एवं पूर्व प्रभारी पदाधिकारी सत्यम सहाय उपस्थित थे।
इस पुस्तक में अंचल एवं पंचायत स्तर की जनसंख्या एवं क्षेत्रफल व बाढ़ प्रभावित पंचायतों/राजस्व ग्रामों की विवरणी, खाद्यान्न भंडारण हेतु चयनित स्थलों, गोदामों, एनडीआरएफ प्रशिक्षित गृह रक्षकों एवं चालकों, गोताखोरों, ऊचे शरण स्थलों, मेगा कैंप स्थलों, हेलीपैड हेतु उपयुक्त स्थलों, प्रशिक्षित/प्रशिक्षिकों, पंचायत स्तरीय कर्मियों, प्रखंड स्तरीय सभी पदाधिकारियों, सभी बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के अभियंताओं की सूची एवं उनके कार्य क्षेत्र के साथ ही प्रत्येक विभाग द्वारा बाढ़ के दौरान किए जाने वाले कार्य के संबंध में कार्य योजना बनाई गई है।
इस पुस्तक के प्रकाशित हो जाने से बाढ़ एवं अन्य आपदा के दौरान सभी पदाधिकारियों, अभियंताओं, संबंधित कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों को आपस में समन्वय करने, आपदा पर तुरंत काबू पाने तथा आपदा के पूर्व आपदा के प्रभाव को कम करने में काफी मदद मिलेगी।
यह पुस्तक 417 पेज का है, इस पुस्तक में दरभंगा जिले के सभी नदियों तथा संबंधित ब्लॉक एवं संबंधित समितियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई है। साथ ही सभी पदाधिकारियों,कर्मियों के साथ साथ जनप्रतिनिधियों के मोबाइल नंबर भी अंकित हैं।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal