लंबित मांगों के समर्थन में काला विल्ला लगा काम पर रहे सीएम साइंस कॉलेज के कर्मचारी

बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर लंबित मांगों के समर्थन में सीएम साइंस कालेज के शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने मंगलवार को काला विल्ला लगाकर अपने कार्यों का निष्पादन किया। महाविद्यालय के शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राधेश्याम झा ने बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार काला विल्ला लगाकर अपने दायित्व के निर्वहन का यह सिलसिला आगामी तीन अगस्त तक जारी रहेगा। जबकि छह एवं सात अगस्त को क्रमशः साप्ताहिक एवं सामूहिक अवकाश पर रहते हुए कर्मचारियों के हित से जुड़ी चिरप्रतीक्षित मांगों के समर्थन में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के मुख्यालय पर महासंघ के बैनर तले आयोजित धरना प्रदर्शन में भाग लेंगे।
संघ के सचिव अनुपम कुमार झा ने कहा कि इस सांकेतिक विरोध का मूलभूत उद्देश्य कर्मचारियों के चिर लंबित मांगों की ओर सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना है। इन मांगों में वेतन सत्यापन कोषांग, पटना द्वारा वेतन सत्यापन के लिए किए जा रहे मनमाने अग्रसारण पर अविलंब रोक लगाये जाने के साथ ही विश्वविद्यालय आदेश, विश्वविद्यालय परिनियम, न्यायादेश के आलोक में वेतन सत्यापन कोषांग के अग्रसारण में सुधार कराया जाये, सभी अंगीभूत महाविद्यालय में प्रधान सहायक व लेखापाल को विधिवत प्रोन्नति होने तक विवि स्तर से प्रभार, शिक्षकेत्तर कर्मियों को प्रोन्नति का लाभ, वैसे कर्मी जिसे न्यायालय से प्रोन्नति किए जाने का न्यायादेश प्राप्त है, उसे अविलंब प्रोन्नति, अनुकंपा पर अविलंब बहाली, योग्यताधारी चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों को तृतीय वर्गीय के रूप में संवर्ग परिवर्तन आदि मांगें शामिल हैं। मंगलवार को काला विल्ला लगाकर काम करने वाले कर्मचारियों में शिवशंकर झा, कृष्ण कुमार चौधरी, उमेश कुमार ठाकुर, रोहित कुमार झा, प्रवीण कुमार झा, आकाश कुमार वर्मा, चेतकर झा, आदित्य कुमार झा, जितेंद्र राम, जितेंद्र कुमार महतो, लीला कुमारी, ज्योति कुमारी, अनुराधा कुमारी, जरीना खातून, चंद्र कांत चौधरी, दिलीप मंडल, सतीश कुमार, रमेश कुमार कामती, जयकांत कामती, राजेश कुमार सिंह, अनुपम शेखर सिंह, संतोष कुमार, मिसरी साह, युगेश्वर महतो, रामशंकर भंडारी, कुमार राजर्षि आदि शामिल थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal