मतदान केंद्र के युक्तिकरण हेतु प्रकाशित प्रारूप पर विमर्श हेतु की गई बैठक

दरभंगा- समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉ.भीमराव अम्बेडकर सभागार में प्रभारी जिलाधिकारी-सह-उप विकास आयुक्त श्रीमती प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का प्रारूप प्रकाशन पर विमर्श को लेकर सभी राजनीतिक दलों, सभी माननीय जनप्रतिनिधि एवं सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि दरभंगा जिला अंतर्गत सभी 10 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं के लिए मतदान केन्द्रों को सूचीबद्ध कर प्रारूप बनाया गया है, जिसका अंतिम प्रकाशन दावा आपत्ति निराकरण के पश्चात पुनः बैठक कर किया जाना है। वर्तमान में जिले में 2931 मतदान केंद्र थे, जिनमें 08 मतदान केंद्र जोड़कर 2939 मतदान केंद्र बनाया गया है।
वैसे मतदान केंद्र जिनके भवन जर्जर हो गए हैं या जिन मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की संख्या 1500 की संख्या को पार कर गया है, उनके लिए नए मतदान केंद्र का प्रस्ताव दिया गया है। जिनमें कुशेश्वरस्थान में 02, दरभंगा सदर में 02, बहादुरपुर में 02, गौड़ाबौराम में 01 एवं बेनीपुर में 01 मतदान केंद्र बढ़ाया जा रहा है।
सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए बारी-बारी से संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी से उनका मंतव्य लिया गया। साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी उस पर मंतव्य लिया गया।
बेनीपुर के माननीय विधायक श्री विनाय कुमार चौधरी ने बताया कि बेनीपुर में तीन मतदान केंद्र जर्जर भवन में अवस्थित है, जिन्हें बदलने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग से एक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1200 मतदाता निर्धारित करने हेतु प्रस्ताव देने का सुझाव दिया।
उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान जितने भी मतदाता आते हैं, उन सबों को मताधिकार का प्रयोग करने दिया जाना चाहिए। कई जगह से शिकायत मिलती है कि 60 प्रतिशत से अधिक मतदान हो जाने पर मतदाताओं को मतदान करने से रोका जाता है।
राजनीतिक दलों के जिला प्रतिनिधियों ने अलीनगर, हायाघाट, दरभंगा सदर, बेनीपुर, कुशेश्वरस्थान, केवटी एवं जाले के 01-02 मतदान केंद्रों को बदलने की आवश्यकता बताई।
प्रभारी जिलाधिकारी द्वारा लिखित में आपत्ती देने का अनुरोध किया गया।
बताया गया की 10 अगस्त से 19 अगस्त तक दावा आपत्ति जिला निर्वाचन कार्यालय में दिया जा सकता है। 19 अगस्त से 25 अगस्त तक दावा आपत्ति का निवारण किया जाएगा। पुनः 25 से 30 अगस्त के बीच विमर्श हेतु एक और बैठक आयोजित की जाएगी। तत्पश्चात मतदान केंद्र के युक्तिकरण का प्रस्ताव भारत निर्वाचन आयोग को अनुमोदन हेतु भेज दिया जाएगा, अनुमोदन प्राप्त हो जाने पर अंतिम प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा।
माननीय विधायक कुशेश्वरस्थान श्री अमन भूषण हजारी ने एक मतदान केंद्र को बदलने की आवश्यकता बताए।
बैठक में अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी राजेश झा राजा, अनुमंडल पदाधिकारी सदर चंद्रिमा अत्री, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार, उप निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार, डीसीएलआर सदर राकेश रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी बिरौल संजीव कुमार कापर, अनुमंडल पदाधिकारी बेनीपुर शंभू नाथ झा एवं संबंधित पदाधिकारी गण उपस्थित थे।
वहीं राजनीतिक दलों की ओर से भाजपा के जिला अध्यक्ष जीवछ सहनी, राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के जिला अध्यक्ष गगन कुमार झा, बसपा के जिला अध्यक्ष सुनील कुमार मंडल, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिला अध्यक्ष देवेंद्र कुमार,जिला सचिव सीपीआई नारायण जी झा, राजद के जिला अध्यक्ष उदय शंकर यादव उपस्थित थे।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal