कक्षा से अनुपस्थित रहने वाले छात्र-छात्राओं के खिलाफ सख्ती का दिखने लगा असर

सीएम साइंस काॅलेज में लंबी अवधि से कक्षा में अनुपस्थित रहने वाले स्नातक एवं स्नातकोत्तर के पाँच दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं ने पुनर्नामांकन के लिए जमा किया शपथ-पत्र
कक्षाओं से लगातार अनुपस्थित रहने वाले छात्र-छात्राओं के प्रति सीएम साइंस कॉलेज प्रशासन के सख्त रूख ने असर दिखाना शुरू कर दी है। सोमवार को स्नातक एवं स्नातकोत्तर के करीब पाँच दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रधानाचार्य के समक्ष भविष्य में कक्षा से अनुपस्थित नहीं होने का शपथ-पत्र समर्पित कर पुनर्नामांकन का अनुरोध किया। विदित हो कि शनिवार को विभिन्न कक्षाओं के उपस्थिति पंजी की समीक्षा के उपरांत लंबी अवधि से कक्षाओं में अनुपस्थित रहने वाले स्नातक प्रथम खण्ड सत्र: 2023-27 एवं द्वितीय खण्ड सत्र: 2022-25 के कुल 190 छात्र-छात्राओं एवं स्नातकोत्तर सत्र: 2023-25 के 194 छात्र-छात्राओं का नामांकन औपबंधिक रूप से रद्द कर इसकी सूचना छात्रों के अभिभावकों को प्रेषित की थी। जानकारी देते हुए प्रधानाचार्य प्रो दिलीप कुमार चौधरी ने बताया कि बिहार सरकार के शिक्षा विभाग के निर्देश पर महाविद्यालय में विभिन्न कक्षाओं के उपस्थिति पंजी की नियमित समीक्षा की जा रही है और इसमें लगातार तीन दिनों तक कक्षाओं से अनुपस्थित रहने वाले छात्र-छात्राओं को चेतावनी देते हुए उनका नामांकन फिलहाल औपबंधिक रूप से रद्द किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय के इस रूख से छात्र -छात्राएं काफी सचेत हो रहे हैं और कक्षाओं में उपस्थिति को लेकर उनमें काफी जागरूकता आई है। सोमवार को करीब पांच दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं ने भविष्य में कक्षा से अनुपस्थित नहीं होने संबंधी शपथ-पत्र समर्पित किया है। जबकि औपबंधिक रूप से नामांकन रद्द किए जाने की सूची में से शहर के बाहर विभिन्न संस्थानों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में लगे स्नातक के चार छात्रों ने सोमवार को अंतिम रूप से अपना नामांकन रद्द करा लिया।
उन्होंने कहा कि जिन छात्र-छात्राओं के रवैया में अब भी सुधार नहीं होगा उनका नामांकन अंतिम रूप से रद्द कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में छात्रों के अभिभावकों को पत्र निर्गत करने के साथ-साथ दूरभाष से भी सूचित किया जा रहा है और उम्मीद की जानी चाहिए कि इसका परिणाम निकट भविष्य में और भी अधिक सकारात्मक देखने को मिलेगा।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal