आस्था व श्रद्धा का केंद्र बन रही नवाह में जुटनी वाली भारी भीड़

श्यामा नामधुन संकीर्तन अब महज धार्मिक आयोजन होने की बजाय महोत्सव का रूप लेता जा है। नवाह संकीर्तन के पांचवें दिन बुधवार को भक्तों का सैलाब बढ़ता ही गया। दिन व रात में, सुबह व शाम में तो फर्क मिटा ही, परिसर में प्रवेश करते ही सबकी एक ही पहचान हो जाती है कि वे सभी मां श्यामा के भक्त हैं। सबके कदम मंदिर की ओर भक्ति भाव में सराबोर हो बढ़ रहे हैं तो जुबान से सिर्फ मां श्यामा का नाम निकल रहा था। भक्तों की भीड़, नामधुन के बोल, सतरंगी छटा में सजावट के साथ ही मैया से आशीष लेने की कामना के संग संकीर्तन महोत्सव की शक्ल में दिखने लगा है। दरभंगा के अलावा मधुबनी, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, बेगूसराय के साथ ही पड़ोसी देश नेपाल और बंगाल से भी मैया के भक्तों का आने का सिलसिला जारी है। डेढ़ दर्जन मंडलियां विभिन्न धुनों पर संकीर्तन प्रस्तुत कर रही है। वहीं परिसर स्थित अन्य मंदिरों में चकमकाती रोशनी से पूरा परिसर गुलजार लग रहा है। नवाह की विधि व्यवस्था को लेकर मां श्यामा न्यास समिति के अध्यक्ष डॉ एसएम झा के नेतृत्व में सभी सदस्य पूरी तन्मयता के साथ सक्रिय हैं। मंदिर में उमड़नेवाली भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न पालियों में दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है।
मां श्यामा न्यास समिति के उपाध्यक्ष पं कमलाकांत झा ने बताया कि जैसे-जैसे दिन बीत रहे हैं, श्रद्धालुओं की संख्या में अप्रत्याशित बढ़ोतरी होती जा रही है। मंदिर में पहुंचने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में न्यास समिति के निजी सुरक्षा गार्डों व पुलिस बल जुटे हुए हैं। एक बार परिसर में प्रवेश करने के बाद श्रद्धालु श्यामा नामधुन में ऐसे रम रहे हैं कि उन्हें वापस जाने की सुध भी नहीं रहती। पंडाल भी अब भक्तों के सामने छोटा पड़ने लगा है।
मां श्यामा न्यास समिति के सह सचिव प्रो. श्रीपति त्रिपाठी ने बताया कि मां श्यामा के प्रति लोगों में अटूट श्रद्धा है। नवाह में जुटनी वाली भीड़ इसी आस्था व श्रद्धा का परिचायक है। उन्होंने बताया कि अगले चार दिनों में श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ेगी। मां श्यामा नामधुन नवाह का उत्साह अब चरम पर पहुंच चुका है। उन्होंने बताया कि नवाह संकीर्तन यज्ञ संचालन समिति के सदस्य सुनील कुमार सिंह के सौजन्य से वृहस्पतिवार को सुबह दस बजे से संध्या चार बजे तक प्रसाद वितरण केंद्र पर प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थापित नि: शुल्क स्वास्थ्य केंद्र पर लोगों की भारी भीड़ जुट रही है। नि: शुल्क होम्योपैथी चिकित्सा केंद्र पर अब तक एक हजार से अधिक श्यामा भक्त अपने स्वास्थ्य की जांच कराकर दवा प्राप्त कर चुके हैं।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal