जीविका दीदियों ने पिको प्रोजेक्टर से वीडियो दिखा, किया मतदातों को जागरूक।
दरभंगाक मतदान केंद्र एप्प की दी गई जानकारी ।

चुनावी बिगुल बजने के साथ ही जीविका दीदियां मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर सभी को मतदान कर लोकतंत्र को सशक्त करने का संदेश दे रही हैं । जीविका की त्रिस्तरीय सामुदायिक संगठन यथा समूह, ग्राम संगठन व संकुल संघो में पूर्ण उत्साह के साथ लोकतंत्र के इस महापर्व “लोकसभा चुनाव” में सभी को बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने को प्रेरित किया जा रहा है। खास कर कम मतदान प्रतिशत बूथों वाले क्षेत्रों में विशेष सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में किरतपुर बीपीआइयू अंतर्गत कमला संकुल संघ में प्रखंड मेंटर सह संचार प्रबंधक राजा सागर व बीपीएम कृष्णदेव कुमार ठाकुर के नेतृत्व में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। संचार प्रबंधक राजा सागर ने बताया कि संचार मद से जिले अंतर्गत कुल 162 पिको प्रोजेक्टर आवंटित है जिसका प्रयोग कैडरों द्वारा जीविका दीदियों को विभिन्न विषयों पर समझ व जानकारी विकसित कर उन्हें सबल बनाना है। स्वास्थ्य एवं पोषण, आधुनिक व वैज्ञानिक विधि से क़ृषि, पशुपालन, रोजगारपरक प्रशिक्षण, सामुदायिक शिकायत प्रणाली, प्राकृतिक आपदाओं से बचाव, सरकारी योजनाओं से संबंधित वीडियो आदि का प्रसारण कर जीविका दीदियों को जागरूक कर कुशल बनाना है। राजा सागर ने बताया जीविका दीदियाँ ही पिको प्रोजेक्टर संचालित करती हैं इसके लिए उन्हें प्रशिक्षण भी दिया गया है । पिको प्रोजेक्टर सुदूर क्षेत्रों की जीविका दीदियों के लिए जानने और सीखने का प्रमुख उपकरण बना है । बीपीएम कृष्णदेव ठाकुर ने सभी को दरभंगाक मतदान केंद्र एप्प की जानकारी देकर सभी से एप डाउनलोड करवाया। उन्होंने बताया कि इस एप में चुनाव से जुड़ी सारी जानकारियां उपलब्ध है साथ ही संबंधित अधिकारियों के नाम, मोबाईल नंबर, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन, पुलिस हेल्पलाइन, फायर, एम्बुलेंस, आपदा प्रबंधन आदि महत्वपूर्ण नंबर भी मौजूद है । बूथों के गूगल मैप्स लिंक्स से बूथ ढूँढने में भी काफी सहूलियत होगी। मतदाता जागरूकता से संबंधित वीडियो के साथ चमकी बुखार, लू से बचाव व इस मौसम में आग लगने जैसी घटनाओं से बचने के उपाय आदि वीडियो दिखा कर जीविका दीदियों को सशक्त बनाया गया। रंगोली, मेंहदी, संकल्प, रैली, संगोष्ठी व अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर जीविका दीदीयों ने सभी को मतदान के महत्व को गहनता से समझाया। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए एसी संजय मिश्रा, सीसी विजय कुमार व मीरा कुमारी सहित दर्जनों कैडर व सैकड़ो जीविका दीदीयां मौजूद थी।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal