डाॅ ईनू की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन

विद्यापति सेवा संस्थान की आजीवन सदस्य, समाज सेवा के प्रति समर्पित चिकित्सिका डाॅ ईनू की आठवीं पुण्यतिथि रविवार को संस्थान के प्रधान कार्यालय परिसर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में उपस्थित लोगों ने डाॅ ईनू के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को रेखांकित करते हुए उनके चित्र पर माल्यार्पण करने उपरांत दो मिनट का मौन रख कर दिवंगत पुण्यात्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
मौके पर एमएमटीएम कॉलेज के प्रधानाचार्य डाॅ उदय कांत मिश्र ने कहा कि मृत्यु लोक में वैसे तो सभी लोग मरने के लिए ही आते हैं। लेकिन बहुत से ऐसे लोग होते हैं जो अपने समाज के लिए कुछ कर गुजरते हुए सदा के लिए अमर हो जाते हैं और ईनू ने अपनी प्रतिभा से अल्प जीवन में इसे साबित कर दिखाया। साहित्यकार चंद्रेश ने कहा कि मिथिला-मैथिली आंदोलन के शीर्षस्थ स्तंभ डाॅ बैद्यनाथ चौधरी बैजू कि आत्मजा ईनू में उनके पिता की आत्मा बसती थी। जिसे अल्प जीवन में ही अनेक अवसरों पर उसने साबित कर दिखाया। विनोद कुमार झा ने उन्हें माँ जैसी सहनशील एवं पिता जैसा ऊर्जावान चिकित्सक बताया।
महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने डाॅ ईनू से जुड़े अनेक प्रसंगों की चर्चा करते बताया कि अपने चिकित्सक धर्म का पालन करते हुए किस प्रकार वह संक्रमित मरीजों का इलाज करते स्वयं संक्रमण का शिकार होकर असमय काल के गाल में समा गई। अपने संबोधन में उन्होंने ईनू की जीवनी पर आधारित पुस्तक के प्रकाशन एवं नौवीं पुण्यतिथि से संस्थान के तत्वावधान स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किए जाने की घोषणा की। अध्यक्षीय संबोधन में डॉ ममता ठाकुर ने डाॅ ईनू को आधुनिक समाज के युवाओं के लिए आदर्श का आईना बताते हुए विभिन्न क्षेत्रों में उन्हें मेधावी करार दिया। श्रद्धांजलि सभा में अमरनाथ चौधरी, डॉ गणेश कांत झा, प्रवीण कुमार झा, डॉ राज किशोर झा, डॉ अरुण सिंह, प्रो चंद्रशेखर झा बूढ़ा भाई, आशीष चौधरी, मणिभूषण राजू आदि ने भी अपनी स्मरणांजलि अर्पित की।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal