मिथिला विभूति सम्मानोपाधि से अलंकृत हुए संजय झा

विद्यापति सेवा संस्थान के तत्वावधान में शुक्रवार को राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा को मिथिला-मैथिली के विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिथिला विभूति सम्मानोपाधि से अलंकृत किया गया। अरड़िया स्थित उनके पैतृक आवास पर आयोजित सामान्य समारोह में संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने उन्हें सम्मान स्वरूप ताम्रपत्र एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान करने के साथ ही मिथिला की गौरवशाली परंपरा अनुरूप पाग, चादर एवं मखान की माला के साथ अभिनंदन किया। संस्थान के महासचिव डॉ बैजू के नेतृत्व में समारोह में शामिल प्रतिनिधिमंडल में संस्थान के शोभायात्रा प्रभारी विनोद कुमार झा, कोषाध्यक्ष डॉ गणेश कांत झा , सक्रिय सदस्य दिनेश झा एवं दुर्गानंद झा सहित सीएम साइंस कॉलेज के सेवानिवृत्ति प्राध्यापक डॉ अशोक कुमार झा शामिल थे।
मौके पर डॉ बैजू ने कहा कि संजय झा को यह सम्मान 52 वें मिथिला विभूति पर्व समारोह में ही प्रदान किया जाना था, लेकिन अति व्यस्तता की वजह से वे इस कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो पाए थे। इसलिए उन्हें यह सम्मान आज उनके आवास पर प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि मिथिला एवं मैथिली के उन्नयन के लिए मिथिला के लाल संजय झा द्वारा किया जा रहा अहर्निश प्रयास किसी से छुपा नहीं है। ललित बाबू के बाद मिथिला को उनके रूप में ऐसा बेटा मिला है, जो इस क्षेत्र की बदहाली के दर्द से ना सिर्फ वाकिफ हैं, बल्कि सही मायने में इस कोढ़ से मुक्ति के साथ इसके सर्वांगीण विकास के लिए कृत संकल्प हैं। विद्यापति सेवा संस्थान के सम्मान से अभिभूत राज्यसभा सांसद ने कहा कि यूं तो मातृभूमि एवं मातृभाषा की सेवा करना मेरा फर्ज है। लेकिन इस तरह के सम्मान के रूप में अपनों से मिलने वाले शुभकामना, आशीष और विश्वास से ऐसा उत्साहवर्धन होता है कि मंजिल को हासिल करने में थोड़ी आसानी हो जाती है।
उधर, शुक्रवार को दरभंगा आयी केंद्रीय वित्त मंत्री डॉ निर्मला सीतारमण का भी विद्यापति सेवा संस्थान द्वारा मिथिला की परंपरा अनुरूप स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। मौके पर संस्थान के महासचिव डॉ बैजू एवं मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं कमलाकांत झा ने संविधान के मैथिली एवं संस्कृत संस्करण के लोकार्पण के लिए मोदी सरकार के प्रति करोड़ों मिथिलावासियों की ओर से कृतज्ञ आभार जताया। इस दौरान वित्त मंत्री ने विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डॉ बैद्यनाथ चौधरी बैजू, मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं कमलाकांत झा, साहित्य अकादमी की पूर्व मैथिली प्रतिनिधि डॉ वीणा ठाकुर, अंतरराष्ट्रीय मैथिली सम्मेलन के अध्यक्ष डॉ महेंद्र नारायण राम एवं स्नातकोत्तर मैथिली विभागाध्यक्ष प्रो दमन कुमार झा को संविधान के मैथिली संस्करण की प्रति प्रदान कर आह्लादित किया।
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal