Breaking News

सीएम साइंस कॉलेज के भौतिकी विभाग में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी 19 से

सीएम साइंस कॉलेज के भौतिकी विभाग में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी 19 से

 

सीएम साइंस कॉलेज का भौतिकी विभाग आगामी 19 एवं 20 दिसंबर को ‘साइंस, टेक्नोलॉजी, सोशल साइंस इन वेदाज एंड अदर फिलासफीज’ विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन करेगा। विनियम रिसर्च एसोसिएशन, धनबाद (झारखंड) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय राष्ट्रीय संगोष्ठी में कंप्यूटर सोसाइटी ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष प्रो ए के नायक, त्रिभुवन विश्वविद्यालय, नेपाल के प्रोफेसर डा दीर्घ राज जोशी एवं केंद्रीय विश्वविद्यालय, रांची के डा मनोहर कुमार दास अपना व्याख्यान देंगे। जानकारी देते हुए संगोष्ठी के संरक्षक सह प्रधानाचार्य प्रो दिलीप कुमार चौधरी ने बताया कि ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के यशस्वी कुलपति प्रो संजय कुमार चौधरी के मुख्य संरक्षण में आयोजित इस संगोष्ठी में संचार क्रांति के युग के हिसाब से पाठ्यक्रम में शामिल विषय के ज्ञान के महत्व एवं इसकी उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए सेमिनार के विषय का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि सेमिनार के निर्धारित विषय के विभिन्न उपखंडों पर आधारित विषयों पर विषय विशेषज्ञों का व्याख्यान छात्र-छात्राओं के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा। सबसे खास बात यह है कि महाविद्यालय में दूसरी बार पड़ोसी राज्य झारखंड की प्रमुख शोध संस्थान विनियम रिसर्च एसोसिएशन ने सीएम साइंस कॉलेज के साथ हाथ मिलाकर छात्रों का हित साधने के लिए आगे आया है।

संगोष्ठी के आयोजन सचिव सह भौतिकी विभागाध्यक्ष डा उमेश कुमार दास ने बताया कि ऑफलाइन एवं ऑनलाइन दोनों मोड में आयोजित होने वाले इस सेमिनार के उप विषय के रूप में पाठ्यक्रम के महत्वपूर्ण विषयों को भी संगोष्ठी के उप विषय के रूप में शामिल किया गया है। जो छात्रों के लिए काफी ज्ञानवर्धक साबित होंगे। संगोष्ठी का संयुक्त आयोजन सचिव डा अजय कुमार ठाकुर को बनाया गया है। उन्होंने सेमिनार के विषय में जानकारी देते हुए कहा कि यह एक ऐसा विषय है जो पूरे विश्व में संचारित है। इस विषय का चयन खासकर स्नातकोत्तर में अध्यनरत छात्रों के अनुरूपण एवं प्रारूपण विषय पर आधारित है। उन्होंने बताया कि पाठ्यक्रम केंद्रित यह बहुविषयक सेमिनार न केवल छात्रों के लिए बल्कि समाज के लोगों के लिए भी काफी लाभदायक साबित होगा और छात्रों एवं समाज के बीच के संबंधों में नए आयाम और पहलुओं को लेकर आएगा। संगोष्ठी में विनियम रिसर्च एसोसिएशन, धनबाद (झारखंड) की प्रधान सुश्री उमा गुप्ता की खास उपस्थित रहेगी। जबकि विभाग के शिक्षक डा सुजीत कुमार चौधरी, डा रश्मि रेखा, डा स्वर्णा श्रेया, डा रवि रंजन एवं डा आशुतोष सिंह की सक्रिय भागीदारी रहेगी।

Check Also

• आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित… 

🔊 Listen to this   • आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की …