Breaking News

‘मिथिला भूषण’ सम्मानोपाधि से अलंकृत हुई सोनी चौधरी, इलाके में हर्ष   

‘मिथिला भूषण’ सम्मानोपाधि से अलंकृत हुई सोनी चौधरी, इलाके में हर्ष

 

मैथिली की प्रसिद्ध गायिका मिथिला की बेटी सोनी चौधरी को मिथिला के पारंपरिक लोकगीतों की बेहतर गायिकी के लिए बाबानगरी देवघर में आयोजित 22वें अंतरराष्ट्रीय मैथिली सम्मेलन में ‘मिथिला भूषण’ सम्मानोपाधि से अलंकृत किया गया। विद्यापति सेवा संस्थान, दरभंगा एवं बाबा बैद्यनाथ पंडा कीर्तन मंडली, देवघर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 22वें अंतरराष्ट्रीय मैथिली सम्मेलन में उन्हें यह सम्मान झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री राज पलिवार, बेनीपुर के लोकप्रिय विधायक प्रो विनय कुमार चौधरी, पूर्व विधान पार्षद प्रो दिलीप कुमार चौधरी, अंतरराष्ट्रीय मैथिली सम्मेलन के अध्यक्ष डा महेंद्र नारायण राम, सम्मेलन के प्रधान महासचिव एवं मिथिला-मैथिली आंदोलन के शीर्षस्थ स्तंभ डा बैद्यनाथ चौधरी ‘बैजू’, वरिष्ठ साहित्यकार मणिकांत झा, स्वागताध्यक्ष पं विनोद दत्त द्वारी आदि की गरिमामय उपस्थिति में मिथिला विकास परिषद, कोलकाता के अध्यक्ष अशोक झा के हाथों प्रदान किया गया।

बता दें कि मैथिली मंच की सिद्धहस्त पारंपरिक लोक गायिका सोनी चौधरी दरभंगा शहर के शुभंकरपुर निवासी, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त हिन्दी विभागाध्यक्ष डा रमाकांत झा की पुत्री एवं नेहरा ग्रामवासी ललन चौधरी की धर्मपत्नी हैं। उन्हें यह सम्मान मिलने से इलाके में हर्ष और का माहौल कायम हुआ है।

सम्मान मिलने के बाद सोनी चौधरी ने बताया कि मैथिली के पारंपरिक लोक गीतों की गायिकी के लिए मिथिला विभूति, मिथिला गौरव सम्मान और मिथिला रत्न सम्मान के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस सम्मान से सम्मानित होकर अत्यंत गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। उन्होंने कहा कि उनके संस्कार में रची बसी मातृभाषा मैथिली और पारंपरिक लोकगीतों के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति यह सम्मान उत्साह बढ़ाने का काम करेगा। मैथिली के पारंपरिक गीतों की उत्कृष्ट गायिकी के लिए वह इससे पहले अनेक राजकीय , राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से नवाजी जा चुकी हैं। वह अपनी इस कामयाबी का श्रेय अपने बच्चों रचना और कृष्णा को देती हैं।

Check Also

• आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित… 

🔊 Listen to this   • आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की …