सरकारी शिक्षक की गोली मारकर हत्या, घटनास्थल पर मौत, आक्रोशित भीड़ ने किया तोड़फोड़

दरभंगा जिला के अंतर्गत कुशेश्वरस्थान पूर्वी नगर पंचायत के बहेड़ा निवासी रामाश्रय यादव, जो माध्यमिक विद्यालय अदलपुर में शिक्षक थे, की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई, जब वह अपने घर से बुलेट बाइक पर विद्यालय जा रहे थे। यह घटना बाजार के पास रेलवे बांध से पश्चिम कचरुखी पुल पर हुई। अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रोककर तीन गोलियां मारीं, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। उसी विद्यालय की शिक्षिका सुजीता कुमारी, जो रामाश्रय यादव के साथ बाइक पर थीं, ने बताया कि पुल पर पहले से दो अपाचे बाइक खड़ी थीं और चार अपराधी मौजूद थे। उनमें से दो ने गाड़ी रोकी और कागजात दिखाने की मांग की। जैसे ही रामाश्रय कागजात निकालने के लिए झुके, एक अपराधी ने बंदूक निकालकर उन पर तीन गोलियां चला दीं। गोली मारने के बाद अपराधी अपाचे बाइक से बड़गांव की ओर फरार हो गए।
इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। गुस्साए लोगों ने बाजार और थाने में जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया। घटना की सूचना पर बिरौल अनुमंडल के सभी थानों की पुलिस, बेनीपुर एसडीपीओ और ग्रामीण एसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान शुरू किया। घटना से स्थानीय लोग दहशत में हैं और जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर उन्हें सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने दोषियों को पकड़ने के लिए हरसंभव कदम उठाने का आश्वासन दिया है
Darbhanga News24 – दरभंगा न्यूज24 Online News Portal