Breaking News

हर गाँव में गूंज रही है महिलाओं की बातें, ‘महिला संवाद’ में मिल रहा खुला मंच

 

हर गाँव में गूंज रही है महिलाओं की बातें, ‘महिला संवाद’ में मिल रहा खुला मंच

25 संवाद रथों के ज़रिए दरभंगा की महिलाओं तक पहुँच रहीं सरकार की योजनाएं

बिहार सरकार द्वारा संचालित “महिला संवाद” कार्यक्रम दरभंगा जिले में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावशाली और जनसरोकार से जुड़ी पहल के रूप में सामने आया है। यह कार्यक्रम ग्रामीण स्तर की महिलाओं को उनके अधिकार, योजनाओं की जानकारी और सामाजिक सहभागिता के अवसर प्रदान कर रहा है। महिलाएँ अब खुलकर पंचायत और गांव स्तर की समस्याओं के साथ-साथ अपनी आकांक्षाओं को भी सामने रख रही हैं।

रविवार जैसे अवकाश के दिन भी कार्यक्रम के 17वें दिन जिले भर से हजारों महिलाओं और पुरुषों ने बड़ी सक्रियता और उत्साह के साथ इसमें भाग लिया। यह पहल अब ग्रामीण जीवन में एक जनांदोलन का रूप ले चुकी है, जिसमें महिलाएं न केवल जागरूक हो रही हैं, बल्कि अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर बोल भी रही हैं।

कार्यक्रम के अंतर्गत हर दिन पंचायत स्तर पर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, जल-जमाव की समस्या, सामुदायिक भवन की जरूरत, वृद्धावस्था पेंशन में सुधार, सोलर लाइट की उपलब्धता, सिंचाई के संसाधन और लघु कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर महिलाएं अपने विचार साझा कर रही हैं। वहीं क्षेत्र के हिसाब से विशेष समस्याओं के समाधान की मांग की जा रही है ।

महिलाएं इस मंच पर अपनी जीवन यात्रा, सफलता की कहानियाँ और अनुभव साझा कर रही हैं। इनमें से कई महिलाएं जीविका से जुड़कर आत्मनिर्भर बनी हैं और उन्होंने छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू कर अपने परिवार की स्थिति को बेहतर किया है।

दरभंगा जिले के सभी 18 प्रखंडों में कुल 25 महिला संवाद रथ संचालित किए जा रहे हैं। ये रथ प्रत्येक पंचायत में पहुँचकर वीडियो फिल्मों, ऑडियो संदेश, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और समूह वार्ताओं के माध्यम से महिलाओं को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त, इन रथों के माध्यम से सरकारी योजनाओं पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जा रहा है, जिससे महिला लाभार्थियों को योजनाओं की समझ सरल भाषा में मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के बीच विभिन्न योजनाओं से संबंधित लीफलेट्स का वितरण भी किया जा रहा है। इन योजनाओं में महिला आरक्षण नीति, मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना, छात्रवृत्ति योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, मुख्यमंत्री नारीशक्ति योजना, सतत जीविकोपार्जन योजना, जीविका योजना और बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना प्रमुख हैं। इन लीफलेट्स में योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभों की जानकारी सरल भाषा में दी गई है, जिससे महिलाएं स्वयं इन योजनाओं से जुड़ने के लिए आगे बढ़ सकें।

इसके अतिरिक्त, माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार द्वारा महिलाओं के नाम भेजे गए संदेश पत्र को भी प्रत्येक पंचायत में पढ़कर सुनाया जा रहा है और महिलाओं को वितरित किया जा रहा है। यह संदेश उन्हें प्रेरित करता है और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रति उनका विश्वास बढ़ाता है। यह पहल सरकार और महिला नागरिकों के बीच पारदर्शिता और विश्वास की नई मिसाल स्थापित कर रही है।

कार्यक्रम की सबसे बड़ी सफलता यह है कि यह महिलाओं को केवल जागरूक नहीं कर रहा है, बल्कि उन्हें सामाजिक विकास और निर्णय प्रक्रिया में एक सक्रिय भागीदार बना रहा है। वे अब समस्याओं की पहचान के साथ-साथ समाधान सुझाने में भी सक्षम हो रही हैं। इस संवाद के माध्यम से महिलाएं न केवल अपने सपनों को आकार दे रही हैं, बल्कि गांव के समग्र विकास में अपनी भूमिका को मजबूती से निभा रही हैं।

बिहार सरकार इस कार्यक्रम के माध्यम से प्राप्त सुझावों और महिलाओं की प्रतिक्रियाओं के आधार पर भविष्य की कार्ययोजनाओं को और अधिक प्रभावशाली बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। यह कार्यक्रम अब केवल सरकारी योजना नहीं रह गया है, बल्कि यह समाज के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ – महिलाओं – को नेतृत्व, आत्मनिर्भरता और निर्णय क्षमता की ओर ले जाने वाली एक परिवर्तनकारी यात्रा बन चुकी है।

Check Also

• आगामी मुहर्रम पर्व पर विधि व्यवस्था संद्यारण को लेकर हुई बैठक  • सभी थाना प्रभारियों को निरोधात्मक कार्रवाई,शांति समिति की बैठक एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी को दिए गए निर्देश। 

🔊 Listen to this • आगामी मुहर्रम पर्व पर विधि व्यवस्था संद्यारण को लेकर हुई …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *